
रोते हुए राजकीय चिकित्सक भाई और गोले में क्षतिग्रस्त बाइक और पलटकर मिट़्टी में धंसी जीप की फोटो: पत्रिका
Jeep Hit Bike: बूढ़ा पुष्कर के पास कानस गांव स्थित नेशनल हाइवे की पुलिया पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज गति से आ रही एक जीप अचानक विपरीत दिशा में चली गई और सामने से आ रही मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार नागौर जिले के थांवला गांव में पदस्थ राजकीय चिकित्सक प्रकाश चौधरी अपने नए मकान का निर्माण करवा रहे हैं। इसी सिलसिले में उनके 48 वर्षीय भाई श्योदान चौधरी और 40 वर्षीय छोटे भाई मुकेश किशनगढ़ टाइल्स खरीदने गए थे । टाइल्स पसंद करने के बाद दोनों बाइक से वापस थांवला लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में ही यह हादसा हो गया और उनके घर के सपने मातम में बदल गए ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और जीप भी अनियंत्रित होकर दूसरी दिशा में जाकर पलट गई । दुर्घटना के बाद दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया । हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई ।
बताया जा रहा है कि जीप चालक, पुष्कर के बागोलाई गांव निवासी रामदेव सिंह रावत, हादसे के समय नशे में था । पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है । प्रारंभिक जांच में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है और पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है ।
दोनों मृतक मूलतः सीकर जिले के श्रीमाधोपुर के पास रतनपुरा गांव के रहने वाले थे । पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। जैसे ही राजकीय चिकित्सक ने अपने दोनों भाइयों के शव देखे, वे फूट-फूटकर रो पड़े । पूरे परिवार में इस हादसे के बाद गहरा शोक व्याप्त है । गांव में भी मातम छा गया ।
Updated on:
15 Apr 2026 09:20 am
Published on:
15 Apr 2026 09:06 am
