25 जुलाई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

लीड…हर स्कूल बनेगा ‘ग्रीन कैंपस’, 1104 स्कूलों में इको क्लब की घंटी

अजमेर

image

Newsdesk

Jul 25, 2026

Rajasthan

मिशन लाइफ के तहत पर्यावरण संरक्षण की मुहिम, जिले को मिलेंगे 106.30 लाख रुपए
गंगापुरसिटी. पर्यावरण संरक्षण को विद्यालयी शिक्षा से जोड़ते हुए राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद ने सत्र 2026-27 के लिए 'इको क्लब्स फॉर मिशन लाइफ' के दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत प्रदेश के 69 हजार 140 सरकारी विद्यालयों में इको क्लब गठित किए जाएंगे। इन क्लबों के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, जल संरक्षण और सतत जीवनशैली के प्रति व्यवहारिक रूप से जागरूक किया जाएगा। इसके लिए पौधरोपण, प्लास्टिक मुक्त परिसर, स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन और जल संरक्षण जैसी गतिविधियां पूरे वर्ष संचालित होंगी।
परिषद ने योजना के संचालन के लिए विद्यालयों को उनकी श्रेणी के अनुसार अनुदान देने का प्रावधान किया है। प्राथमिक विद्यालयों को 5 हजार रुपए, उच्च प्राथमिक विद्यालयों को 10 हजार रुपए, जबकि माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों को 15 हजार रुपए दिए जाएंगे। इस योजना के लिए राज्य स्तर पर 6274.50 लाख रुपए का बजट स्वीकृत किया गया है।
सवाईमाधोपुर जिले के 1104 सरकारी विद्यालयों को इस योजना के तहत 106.30 लाख रुपए की राशि मिलेगी। यह राशि विद्यार्थियों की सामूहिक गतिविधियों, स्टेशनरी, स्वच्छता कार्यक्रमों और इको क्लब की विभिन्न योजनाओं पर खर्च की जाएगी।
परिषद ने राशि खर्च करने की समय-सीमा भी तय की है। जुलाई से सितंबर तक 40 प्रतिशत, अक्टूबर से दिसंबर तक 30 प्रतिशत तथा जनवरी से मार्च तक शेष 30 प्रतिशत राशि खर्च करनी होगी। निर्धारित अवधि में राशि का उपयोग नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई का प्रावधान भी रखा गया है।
इको क्लब गतिविधियों का वार्षिक कैलेंडर जुलाई से जून तक चलेगा। जुलाई में वन महोत्सव एवं जल संरक्षण अभियान, अगस्त में प्लास्टिक मुक्त विद्यालय अभियान, सितंबर में स्वच्छता अभियान और ओजोन दिवस, अक्टूबर में ऊर्जा संरक्षण सप्ताह, नवंबर में जैव विविधता गतिविधियां तथा दिसंबर में अपशिष्ट प्रबंधन कार्यशालाएं आयोजित होंगी। जनवरी से जून तक भी पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
विद्यालयों में किचन गार्डन, औषधीय वाटिका, कम्पोस्ट पिट निर्माण, पोस्टर एवं निबंध प्रतियोगिताएं, नवाचार मेले और जागरूकता रैलियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही विद्यार्थियों को जलवायु परिवर्तन, सड़क सुरक्षा और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इस बीच शिक्षक संघ रेसटा के प्रदेशाध्यक्ष मोहर सिंह सलावद ने परिषद से मांग की है कि पिछले शिक्षा सत्र में इको क्लब मद की लंबित राशि जारी नहीं की गई थी। उन्होंने नए सत्र की राशि के साथ पिछली बकाया राशि भी शीघ्र जारी करने की मांग की है।