
आरोपी प्रेमी, पत्नी और मृतक मुकेश। फोटो: पत्रिका
अजमेर/मांगलियावास। अजमेर जिले में पीसांगन थाना क्षेत्र के नाथूथला गांव में विवाहिता ने अपने प्रेमी और अन्य लोगों के साथ मिलकर अपने ही पति का गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलने पर पीसांगन थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक युवक के शव को कब्जे में लिया और मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के लिए अजमेर के जवाहरलाल चिकित्सालय में भिजवाया। परिजनों ने अस्पताल में मृतक के परिजनों द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पोस्टमार्टम करवाने के लिए इनकार कर दिया। दूसरी ओर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पत्नी विमला देवी, प्रेमी गोपाल रावत सहित एक अन्य युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो सच सामने आ गया।
जानकारी के अनुसार मशीनिया निवासी मुकेश सिंह रावत अपनी पत्नी सहित पांच नाबालिक बच्चों के साथ नाथुथला में जागीदार के यहां काश्तकार का कार्य कर रहा था। बुधवार देव रात्रि को संदिग्ध हालत में मुकेश की मौत हो गई। घटना के बाद गुरुवार सुबह 6 बजे उसकी पत्नी के रोने की आवाज के बाद ग्रामीण मुकेश के घर मौके पर पहुंचे। जहां पर मुकेश के शव को देखकर ग्रामीणों ने तुरंत मामले की जानकारी मुकेश के परिवार वालों को दी। इधर पीसांगन थाना पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद पीसागंन थाना अधिकारी पारुल यादव पुलिस ठीम के साथ मौके पर पहुंची। मृतक मुकेश के शव को पीसांगन चिकित्सालय में भिजवाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने मृतक के शव को देखकर हत्या की आशंका जताई। जिसको लेकर पीसांगन पुलिस ने मृतक के शव को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के लिए अजमेर के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय में भिजवाए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अजमेर ग्रामीण के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, डिप्टी शमशेर खान तथा थानाधिकारी पारुल यादव भी घटनास्थल पहुंचे। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने जांच पूरी होने तक मकान को ताला लगाकर सील कर दिया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को कई महत्वपूर्ण तथ्य मिले हैं। मुकेश की एक आंख के पास धारदार हथियार से चोट का निशान तथा गले पर रस्सी कसने जैसे निशान मिले हैं। जिस बेड पर शव मिला, उसके चारों ओर लाल रंग की जहरीली दवा बिखरी हुई थी। बेड से करीब आठ फीट दूर उसी दवा की बोतल भी मिली। कमरे में रखे कूलर के तार भी टूटे हुए पाए गए। ऐसे में पुलिस को शक हुआ कि हत्या के बाद मामले की सुसाडल का रूप दिखने की कोशिश की गई। पीसागंन पुलिस ने मृतक के भाई रमेश की रिपोर्ट पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर मुकेश की पत्नी विमला रावत से पूछताछ की। पुलिस ने सख्ती की तो आरोपी पत्नी ने हत्या का खुलासा कर दिया। इसके बाद पुलिस ने प्रेमी गोपाल रावत सहित एक अन्य युवक को गिरफ्तार कर लिया।
मृतक के बड़े भाई रमेश पुत्र शोभा सिंह ने पीसांगन थाने में रिपोर्ट देकर आरोप लगाया कि उसके भाई की हत्या उसकी पत्नी विमला रावत ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर की है। रिपोर्ट में बताया गया कि पिछले करीब तीन महीने से पति-पत्नी के बीच गृहकलह चल रहा था। पुलिस के अनुसार रिपोर्ट के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर विमला को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। अन्य संदिग्धों की तलाश भी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान ग्रामीणों से भी जानकारियां ली जा रही हैं। कुछ ग्रामीणों ने पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद रहने की बात कही है। पुलिस इन सभी तथ्यों का सत्यापन कर रही है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि घटना के समय मुकेश एक कमरे में अकेला सो रहा था, जबकि दूसरे कमरे में पत्नी और पांचों बच्चे थे। सबसे बड़े नाबालिग बच्चे ने पुलिस को बताया कि रात में उसे दूसरे कमरे से झगड़े और चीखने की आवाज सुनाई दी थी। डर के कारण वह बाहर नहीं गया और दोबारा सो गया। वहीं खेत से कुछ दूरी पर बने दूसरे मकान में रहने वाले लोगों ने भी रात में तेज आवाजें सुनने की बात कही। हालांकि रोजाना विवाद होने के कारण किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि देर रात एक बाइक सवार युवक वहां आया था। पुलिस उसकी पहचान और अन्य संदिग्धों के संबंध में भी जांच कर रही है।
इस वारदात के बाद मुकेश के पांचों नाबालिग बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। वारदात के बाद बच्चे खेत में बने मकान के पास सहमे हुए बैठे रहे। पिता की मौत से पूरा परिवार सदमे में है। परिजन और ग्रामीण बच्चों को ढांढस बंधाते नजर आए। थानाधिकारी पारुल यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। एफएसएल रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
डोडियाना सरपंच प्रतिनिधि कालू चीता ने मृतक के पोस्टमार्टम के दौरान आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए आरोपी गोपाल रावत की संपत्ति को सीज कर पीड़ितों को भरण पोषण के लिए मुआवजा देने की बात कही।
कंटेंट: योगेश आचार्य
Updated on:
24 Jul 2026 02:42 pm
Published on:
24 Jul 2026 02:42 pm
