29 जनवरी 2026,

गुरुवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अजमेर

No video available

धूमधाम से मनाई हनुमान जयंती , मंदिरों में हुए सुंदरकांड पाठ और महाआरती

अजमेर. शहर में मंगलवार को हनुमान जयंती पारम्परिक तरीके से मनाई गई। मंदिरों में संगीतमय सुंदरकांड पाठ हुए। लोगों ने विधि-विधान से नारियल, फूल-माला, मिष्ठान, पान का बीड़ा और अन्य सामग्री से पवनसुत की पूजा-अर्चना की। दोपहर 12 बजे जन्म आरती हुई। इसमें लोगों ने बजरंग बली के जयकारे लगाए। सुबह से देर शाम तक मंदिरों में श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं।

Google source verification

प्राचीन बालाजी मंदिर क्लॉक टावर मदार गेट में हनुमान जन्मोत्सव हुआ। इस दौरान 56 भोग झांकी सजाई गई। विधि-विधान से पूजन के बाद 21 ढोल से जन्म आरती की गई। मंदिर में 56 भोग लगाया गया। दोपहर में भंडारा हुआ। शाम को बालाजी महाराज की महाआरती और रात्रि में भजन संध्या हुई। मेहंदीपुर बालाजी कोटड़ा धाम में सुबह ध्वजारोहण किया। यहां दोपहर 12.15 बजे जन्मोत्सव आरती के बाद प्रसाद वितरण हुआ।

बजरंगगढ़ बालाजी मंदिर में सुंदरकांड का संगीतमय पाठ किया गया। दोपहर 12 बजे जन्मोत्सव आरती की गई। लोगों ने कतारों में लगकर बजरंग बली के दर्शन किए। छप्पन भोग की झांकी सजाई गई। यहां आम भंडारा में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। घाटी वाले बालाजी मंदिर में भी जन्मोत्सव आरती और अन्य कार्यक्रम हुए।सीताराम मंदिर में सुंदरकांड पाठ किया गया। इसके बाद महाआरती और प्रसाद वितरण हुआ। मुख्य डाकघर के सामने चतुर्भुज भवन में अखाड़े वाले बालाजी मंदिर में जन्म आरती की गई। यहां शाम को संगीतमय सुंदरकांड का पाठ और प्रसाद वितरित किया गया।

विशेष चोला चढ़ाया

भजन गंज स्थित श्रीराम मंदिर में सुंदर कांड का पाठ श्रीराम मारुति मंडल द्वारा किया गया। नगाड़ों के साथ जन्म आरती की गई। बालाजी की सुंदर झांकी सजाई गई। मृदंग टॉकीज स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में सुबह विशेष चोला चढ़ा गया। हनुमानजी का विशेष श्रंगार कर दोपहर 12 बजे आरती की गई। यहां शाम को 56 भोग झांकी सजाई की गई। लोगों ने बालाजी के श्रीफल, माला, अगरबत्ती और मिष्ठान चढ़ाकर सुख-समृद्धि की कामना की। मुख्य डाकघर के सामने चतुर्भुज भवन में अखाड़े वाले बालाजी मंदिर में जन्म आरती हुई।सिंधी कॉलोनी स्थित तुलसी किशन धाम में हनुमान जंयती महोत्सव मनाया गया। रामायण पाठ, हनुमान चालीसा पाठ और भजन पेश किए गए गए। संकटमोचन हनुमान मंदिर शास्त्रीनगर गणेशगढ़ में आरती और प्रसाद वितरण किया गया। सात पीपली बालाजी मन्दिर में बालाजी को चूरमे और 56 भोग लगाया गया। फूल मालियान शिव मंदिर भोपों का बाड़ा में 12 बजे विशेष महाआरती, छप्पन भोग, 11 किलो चूरमे का प्रसाद चढ़ा गया।

किया नयनाभिराम श्रृंगार

पंचमुखी बालाजी के मंदिर में चांदी का छत्र चढ़ाया गया। बिखरे बालाजी का चांदी के वर्कसे श्रृंगार किया गया। बालाजी का नयनाभिराम शृंगार व चोला चढ़ाया गया। वैशालीनगर सागर विहार स्थित बड़कालेश्वर मंदिर में नई ध्वजा चढ़ाई गई।

मंदिरों में गूंजी चौपाइयां

शहर के हनुमान मंदिरों में सुंदरकांड पाठ और भजन संध्या हुई। बजरंगढ़ मंदिर, घाटी वाले बालाजी मंदिर में गायकों ने भजन पेश किए। इसी तरह कई मंदिर में सुंदर कांड पाठ किया गया। बालाजी का पंचामृत अभिषेक भी किया गया। लोगों ने हनुमान चालीसा, श्रीरामचरित मानस का पाठ किया। अर्जुनलाल सेठी कॉलोनी स्थित श्री संकट मोचन बालाजी मन्दिर परबतपुरा, कार्य सिद्ध बालाजी मंदिर रामगंज में सुंदरकांड पाठ हुआ।

गाजे-बाजे संग निकली शोभायात्रा

विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल अजमेर महानगर के तत्वावधान में शीतला माता चौक से गाजे-बाजे संग शोभायात्रा निकाली गई। यह सुभाष नगर, नारीशाल रोड होते हुए गढ़ी मालियान बालाजी मंदिर तक पहुंची। इस दौरान राम दरबार व बजरंग बली की झांकियां साथ चली।नसीराबाद के अखाड़े ने करतब दिखाए। कई जगह शोभायात्रा का स्वागत किया गया। विश्व हिंदू परिषद के महानगर सह मंत्री ओम प्रकाश राय, प्रांत सहमंत्री शशि प्रकाश इंदौरिया, महानगर सहमंत्री शेखर उबाना, संजय तिवारी,बजरंग दल संयोजक दीपक काकानी सहित अन्य मौजूद रहे।

.