अजमेर. शहर में गुरुवार को रामनवमी धूमधाम से मनाई गई। मंदिरों और घरों में हवन और महाआरती हुई। लोगों ने भगवान राम के जयकारे लगाए। कई इलाकों में ढोल-ढमाकाें के साथ शोभायात्रा निकाली गई। लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
श्री चंद्रवेश्वर महादेव प्रबंध कारिणी सभा के तत्वावधान में चांदबावड़ी स्थित दुर्गा काली माता मंदिर से ढोल-ढमाकों के बीच दुर्गा माता का जुलूस निकला। जुलूस रावण की बगीची, त्रिलोक नगर, राजेंद्र स्कूल, सीताराम गोशाला, आशागंज, चांद बावड़ी, दयानंद मार्केट, कवंडसपुरा, मदार गेट, नगर निगम, नया बाजार, आगरा गेट, स्टेशन रोड, केसरगंज, सब्जी मंडी ईदगाह होकर वापस मंदिर पहुंचा। काली का अखाड़ा करतब दिखाते हुए चला।
बजरंगगढ़ सर्किल स्थित सीताराम मंदिर पर राम जन्मोत्सव एवं महाआरती का आयोजन किया गया। राम जन्मोत्सव पर मंदिर में गुलाब, मोगरा, गैंदे के फूलों, पान, दुर्वा से राम दरबार सजाया गया। महंत सत्यनारायण की अगुवाई में दोपहर 12 महाआरती की गई।
श्रद्धालुओं ने भगवान राम, माता सीता और हनुमानजी के जयकारे लगाए। बाद में प्रसाद वितरित किया गया। प्राचीन बालाजी मंदिर क्लॉक टावर मदार गेट पर रामनवमी महोत्सव मनाया गया। सारथी समाज सेवा संस्था और मंदिर भक्त मंडली के कार्यकर्ताओं ने पूजा-अर्चना की। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम और बालाजी की पारंपरिक आरती की। महिला भक्त मंडली ने भजन पेश किए।
सुंदर कांड पाठ-आरती
अर्जुनलाल सेठी कॉलोनी स्थित श्री संकट मोचन बालाजी मन्दिर में शनिवार को सुन्दरकांड के पाठ का आयोजन किया गया। इसी तरह घसेटी मोहल्ला स्थित प्राचीन रघुनाथ मंदिर, आगरा गेट स्थित रघुनाथ मंदिर, डिग्गी चौक स्थित रामनारायण मंदिर, पट्टीकटला स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर, कायस्थ मोहल्ला, घी मंडी के चारभुजानाथ मंदिर, मेयो लिंक रोड धौलाभाटा स्थित चारभुजा-रघुनाथ मंदिर में भी दोपहर 12 बजे महाआरती की गई। लोगों ने शंख बजाकर मर्यादा पुरुषोत्तम के जन्मोत्सव पर जयकारे लगाए। मंदिर में भव्य सजावट की गई।
नवमी पर हुआ कन्याओं का पूजन
चैत्र नवरात्र के तहत गुरुवार को नवमी मनाई गई। शहर के विभिन्न मंदिरों और घरों-संस्थाओं में मैया की पूजा-अर्चना के बाद कन्याओं के पैर धोकर-तिलक कर पूजा की। इसके बाद पूड़ी, काले चने की सब्जी, सूजी का हलवा, फल और अन्य भोजन कराकर श्रद्धानुसार उपहार दिए गए। बजरंगगढ़ स्थित अम्बे माता मंदिर पर कन्याओं के पैर धुलाकर, पूजन कर भोजन कराया गया।
मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु
प्राचीन चामुंडा मंदिर, मेहन्दीपुर बालाजी, मेहन्दी खोला माता मंदिर, बजरंगगढ़ स्थित अम्बे माता मंदिर, नौसर घाटी स्थित नौसर माता और अन्य मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। मंदिर शंख और घडिय़ाल से गूंज उठे। लोगों ने माता को लाल चुनरी, श्रीफल, सोलह शृंगार की सामग्री, फल, माला और अन्य सामग्री चढ़ाकर घर-परिवार में खुशहाली की कामना की।