
id-ul-fitra
अजमेर
मुस्लिम समुदाय ने शनिवार को ईदुल-फितर का पर्व मनाया। केसरगंज स्थित ईदगाह, ख्वाजा मोईनुदुद्ीन चिश्ती की दरगाह सहित शहर की विभिन्न मस्जिदों में नमाज अदा की गई। लोगों ने एकदूसरे को गले-मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। विभिन्न धर्मों के लोगों ने मुस्लिम बाहुल क्षेत्रों में लोगों को घरों में जाकर ईद की मुबारकबाद दी।
रमजान के पवित्र महीने में रोजा रखने वाले रोजेदारों ने ईद की खुशियां मनाई। केसरगंज स्थित ईदगाह में सुबह 9.30 बजे मुख्य नमाज हुई। नमाज के लिए सुबह से ही लोग पहुंचना शुरू हो गए। शहर काजी ने नमाज अदा कराई। नमाज की सफें ईदगाह से केसरगंज गोल चक्कर तक नजर आई।
इसके अलावा दरगाह स्थित शाहजहांनी मस्जिद में सुबह 8.30 बजे, संदली मस्जिद में सुबह 9 बजे, कलक्ट्रेट मस्जिद में 9.15 बजे, क्लाक टावर मस्जिद में 10 बजे नमाज अदा की गई। इसी तरह चौरसियावास ईदगाह में सुबह 9 बजे नमाज अदा कराई गई। नमाजियों ने देश में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी।
गले-मिलकर दी मुबारकबाद
नमाज के बाद मुस्लिम धर्मावलंबियों ने एकदूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। दरगाह बाजार, अंदरकोट और अन्य मुस्लिम बाहुल क्षेत्रों में लोगों ने गले मिलकर एकदूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। सुबह से शाम तक यह सिलसिला जारी रहा। अन्य धर्मों के लोगों ने मुस्लिम धर्मावलबियों को घरों में मिठाई और अन्य तोहफे देकर ईद दी शुभकामनाएं दी।
सेवइयों और पकवानों की महक
ईद पर घरों में पारम्परिक सेवाइयों, मिठाइयों और पकवानों की महक रही। घरों में मेहमानों को भी सेवइयां खिलाई गई। मुस्लिम समुदाय के महिलाओं, पुरुषों ,बुजुर्गों और बच्चों ने ईद पर नए कपड़े पहने। रिश्तेदारों के यहां मिठाई, फल, कपड़े, तोहफे भेजे गए। छोटे बच्चों को बड़ों से ईदी मिली।
जन्नती दरवाज से निकलने की होड़
ईद पर ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती की दरगाह में विशेष तौर पर जन्नती दरवाजा खोला गया। अकीदतमंद और मुस्लिम धर्मावलंबियों में जन्नती दरवाजे से निकलने की होड़ रही। लोगों ने गुलाब के फूल और चादर लेकर जन्नती दरवाजे में प्रवेश किया। कई लोगों ने मन्नत के धागे भी बांधे।मालूम हो कि जन्नती दरवाजा ख्वाजा साहब के सालाना उर्स, ईद, गरीब नवाज के गुरू ख्वाजा उस्मान हारूनी के उर्स और खास मौकों पर खोला जाता है।
दरगाह में हुए कार्यक्रम
ईदुल फितर के मौके पर ख्वाजा साहब की दरगाह में कार्यक्रम हुए। सुबह 4 बजे आस्ताना खुलने पर खुद्दाम ख्वाजा साहब ने खिदमत की। मजार शरीफ पर मक्का-मदीने की काले रंग की चादर पेश कर दुआ मांगी गई। ईद पर गरीबों और बेसहारा लोगों को कपड़े, मिठाई, खाना वितरित किया गया।
नेताओं ने दी मुबारकबाद
केसरगंज स्थित ईदगाह पर कांग्रेस और भाजपा के नेताओं ने मुस्लिम धर्मावलंबियों को ईद की मुबारकबाद दी। कांग्रेस के पूर्व विधायक डॉ. श्रीगोपाल बाहेती, शहर जिलाध्यक्ष विजय जैन सहित अन्य नेता मौजूद रहे। भाजपा के तरफ से पूर्व सांसद रासासिंह रावत और अन्य कार्यकर्ताओं ने ईद की मुबारकबाद दी।
Published on:
16 Jun 2018 11:00 am

बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
