
पुष्कर मेला मैदान में कपालेश्वर महादेव मंदिर तिराहे के पास 40 फीट तक की सरकारी जमीन पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण।
पुष्कर (अजमेर). पुष्कर मेले की तैयारियों के तहत कपालेश्वर महादेव मंदिर से लेकर ब्रह्मा मंदिर व ब्रह्म घाट तक के मुख्य भीड़ भरे बाजार में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर दुकानें किराये पर चला वसूली करने के धंधे के चलते जिला प्रशासन के अतिक्रमण हटाओ अभियान को गति नहीं मिल पा रही है। हालत यह है कि अतिक्रमण हटाने के बाद नगर पालिका का दस्ता जैसे ही आगे बढ़ता है दुकानदार वापस कब्जा जमा लेते हैं।
अतिक्रमण कर बनाई पक्की दुकानें
पुष्कर में प्रभावशाली दुकानदार बिल्डिंग लाइन से बीस फीट से अधिक सरकारी जमीन पर दुकानें किराए पर देकर चांदी कू ट रहे हैं। कपालेश्वर महादेव मंदिर तिराहे के पास चारभुजा मंदिर के सामने, रावत धर्मशाला, कुमावत धर्मशाला के आगे बनी चबूतरियों पर पक्की दुकानें बना ली गई है। इसी प्रकार जयमल कोट के सामने व आसपास, ब्रह्मा मंदिर से लेकर ब्रह्म चौक, ब्रह्मघाट तक के समस्त बाजार में दुकानों के आगे करीब पन्द्रह फीट तक अतिक्रमण करके दुकानें चलाई जा रही हैं।
पैदल चलना तक दुश्वार
पुष्कर मेले व विशेष त्योहारों पर इस इलाके में पैदल चलना तक दुश्वार हो रहा है। यही कारण है कि अतिक्रमण की बाढ़ आ गई है जिला प्रशासन के लिए इन्हें पूरी तरह से हटाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है कब्जेधारी बेपरवाह बने हैं तथा अभियान को गति नही मिल रही है।
दो ट्रॉली टेबिल व सामान जब्त
जिला कलक्टर विश्वमोहन शर्मा की सख्ती के बाद प्रशिक्षु आईएएस नित्या के., उपखंड अधिकारी देविका तोमर, पालिका ईओ अभिषेक गहलोत की अगुवाई में पालिका के दस्ते ने शुक्रवार को तीसरी बार कस्बे के मुख्य बाजार में अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाकर दो ट्रॉली टेबिल व सामान जब्त किया। दस्ते ने ब्रह्मा मंदिर की सीढिय़ों पर किए गए अतिक्रमण हटाए गए। वहीं कई दुकानों से टेबिल व अन्य सामान जब्त भी किया गया। कई दुकानदारों को स्वयं के स्तर पर अतिक्रमण हटाने का एक और आखिरी मौका भी दिया गया।
इनका कहना है
उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पुष्कर मेले तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
-अभिषेक गहलोत, ईओ पुष्कर नगर पालिका
Published on:
12 Oct 2019, 5:01 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.