30 अक्टूबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

मुख्यमंत्री की बजट घोषणा क्रियान्वयन में बजट का टोटा

बिजली की भूमिगत केबल बिछाने से नगर पालिका ने किए हाथ खड़े, 23 करोड़ 86 लाख रुपए का नहीं हो पाया इंतजाम
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

अजमेर

•

image

Baljeet Singh

•

Updated: 10 Dec 2019, 5:01 AM IST

मुख्यमंत्री की बजट घोषणा क्रियान्वयन में बजट का टोटा

demo pic

महावीर भट्ट . पुष्कर (अजमेर) . मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से पुष्कर शहर में बिजली की भूमिगत लाइनें बिछाने के लिए वर्ष 2019-2020 के बजट में की गई घोषणा के क्रियान्वयन में बजट का टोटा आ गया है। पुष्कर नगरपालिका ने 23 करोड़ 86 लाख की व्यवस्था के लिए राशि नही होना बताते हुए हाथ खड़े कर दिए है तथा इस राशि की व्यवस्था स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट फंड से कराने का अनुरोध किया है।

मुख्यमंत्री गहलोत ने वर्ष 2019-2020 के बजट में पुष्कर में भूमिगत बिजली की केबल बिछाने की घोषणा की थी। स्वायत्त शासन विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता एम.के. बैरवा के पत्र के अनुसार इस घोषणा के क्रियान्यवन को लेकर विद्युत वितरण निगम से प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करवाई गई थी। रिपोर्ट में पुष्कर शहर की विद्युत लाइनें भूमिगत करने के लिए 2386.19 लाख रुपए का प्रोजेक्ट तैयार किया गया है। स्वायत्त शासन विभाग की ओर से पुष्कर नगरपालिका तथा स्मार्ट सिटी को पत्र लिखकर इस राशि की व्यवस्था करने के लिए तीन दिन में वस्तुस्थिति की रिपोर्ट तलब की गई थी।

माली हालत खस्ता
पुष्कर नगरपालिका की ओर से आर्थिक हालत ठीक नहीं होने का हवाला देते हुए पालिका स्तर पर इतनी बड़ी राशि उपलब्ध कराने में असमर्थता जता दी है। स्वायत्त शासन विभाग के निदेशक को इस राशि की व्यवस्था स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट से या अन्य स्तर पर कराने का अनुरोध किया है। वहीं स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट में पुष्कर शामिल नहीं हैं तथा पुष्कर में भूमिगत केबल बिछाने के लिए मुख्यमंत्री की ओर से की गईबजट घोषणा के क्रियान्वयन में बजट का टोटा की समस्या आ गई है।

प्रोजेक्ट रिपोर्ट पर नजर
विद्युत निगम के सहायक अभियंता मोहन जादौन ने बताया कि प्रोजेक्ट में पुष्कर की ग्यारह गलियों में एल. टी. लाइनें बिछाने, देवनगर रोड, खरेखड़ी रोड के आसपास की कालोनियों में 11 केवी लाइनें बिछाने के साथ साथ कस्बे के आन्तरिक हिस्सो में लाइनें बिछाना शामिल किया गया है। इसके अलावा 33 केवी का एक जीएसएस स्थापित करना शामिल किया गया है ताकि एक बंद होने पर बिजली बंद होने की समस्या का हल निकाला जा सके।

इनका कहना है

विभाग की ओर से पुष्कर में भूमिगत केबल बिछाने के लिए पालिका को 2386 लाख का प्रोजेक्ट बनाकर भेजा गया है। राशि मिलते ही योजना क्रियान्वयन किया जा सकेगा।

- मोहन जादौन, सहायक अभियंता विद्युत वितरण निगम पुष्कर

पुष्कर नगरपालिका के पास इतनी बड़ी राशि चुकाने के लिए आर्थिक हालत ठीक नही है। इस बारे में उच्चाधिकारियों को पत्र भेज दिया गया है तथा इस राशि की व्यवस्था स्मार्ट सीटी प्रोजेक्ट से कराने का अनुरोध किया गया है।
- अभिषेक गहलोत, अधिशाषी अधिकारी पुष्कर नगर पालिका