28 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राष्ट्रपति कोविंद आएंगे अजमेर और पुष्कर, जाएंगे दरगाह और ब्रह्मा मंदिर

सर्वप्रथम पुष्कर सरोवर का पूजन व ब्रह्मा मंदिर के दर्शन करने का कार्यक्रम है। इसके बाद वे अजमेर में दरगाह जियारत करेंगे।

2 min read
Google source verification
president kovind visit ajmer and pushkar

president kovind visit ajmer and pushkar

अजमेर/पुष्कर।

राष्ट्पति रामनाथ कोविन्द की 14 मई को प्रस्तावित पुष्कर यात्रा को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। जिला कलक्टर आरती डोगरा ने यात्रा के दौरान की जाने वाली व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यात्रा के दौरान मेला मैदान में प्रस्तावित हेलीपेड को असुरक्षित माना गया। जिला कलक्टर डोगरा ने बुधवार को ब्रह्मघाट पर पूजा-अर्चना की तथा ब्रह्मा मंदिर में दर्शन कर आरती उतारी।

विभिन्न महकमों के अधिकारियों के साथ मेला मैदान स्थित हेलीपेड गईं, लेकिन वह जमीन निजी खातेदारी की होने के कारण असुरक्षित मानी गई। उन्होंने सरोवर में पानी की उपलब्धता बनाए रखने के लिए जलदाय अधिकारियों को निर्देश दिए, वहीं शहर में पुख्ता सफाई व्यवस्था के लिए नगर पालिका के अधीशासी अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी को निर्देशित किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र चौधरी, पालिका ईओ विकास कुमावत आदि मौजूद थे। इससे पूर्व पुष्कर आगमन पर कलक्टर डोगरा का उपखंड अधिकारी विष्णु कुमार गोयल, पालिका ईओ विकास कुमावत ने पुष्प गुच्छ भेंटकर स्वागत किया।

सड़क मार्ग से पुष्कर आएंगे राष्ट्रपति

पुष्कर. राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द 14 मई को दोपहर अजमेर के घूघरा हेलीपेड पर उतरेंगे। उनका हेलीपेड से सड़क मार्ग से सर्वप्रथम पुष्कर सरोवर का पूजन व ब्रह्मा मंदिर के दर्शन करने का कार्यक्रम है। इसके बाद वे अजमेर में दरगाह जियारत करेंगे। संसदीय सचिव सुरेश सिंह रावत ने बताया कि राष्ट्रपति भवन की ओर से अब तक तय किए गए टेन्टेटिव कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति कोविन्द 14 मई की दोपहर घूघरा हेलीपेड पर उतरेंगे।

यहां से वे सीधे पुष्कर पहुंचेंगे तथा दोपहर 11.10 बजे पुष्कर सरोवर का पूजन करेंगे। 11.30 से 12 बजे तक ब्रह्मा मंदिर का पूजन करेंगे तथा 12.50 से 1.20 बजे तक अजमेर दरगाह जाने का कार्यक्रम है। शाम को 4.30 से 5.30 बजे तक उनका अजमेर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने का कार्यक्रम है। इससे पूर्व राष्ट्रपति का सीधे पुष्कर आने का कार्यक्रम था, लेकिन मेला मैदान में पूर्व में बने हेलीपेड की भूमि निजी खातेदार की होने से खातेदार ने जमीन पर चारदीवारी बना ली है। बुधवार को जिला कलक्टर आरती डोगरा तथा पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र चौधरी ने मेला मैदान के इस पुराने हेलीपेड को असुरक्षित बता दिया। इसके बाद राष्ट्रपति कोविन्द का अजमेर के घूघरा हेलीपेड पर ही उतरना तय हो सका है।

पिछले मार्ग से करेंगे ब्रह्मा दर्शन

पुष्कर आगमन पर ब्रह्म घाट पर पूजा-अर्चना करेंगे। ब्रह्मा मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार पर सीढिय़ां अधिक होने से उनका मंदिर के पिछले दरवाजे से प्रवेश कराना तय किया गया है। इस द्वार से कम सीढिय़ां चढ़कर वे सीधे मंदिर में पूजा-अर्चना कर सकेंगे।