कार्तिक एकादशी से पुष्कर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। इसके चलते समूची पुष्कर नगरी धर्ममय हो गई है।
अजमेर. पुष्कर धार्मिक मेला जारी है। गुरुवार को कार्तिक मास की ब्रह्म चतुर्दशी तिथि पर तीर्थराज पुष्कर एवमआसपास के मठ मंदिरों में रहने वाले संतों महंतों ने सेन पीठ के आचार्य अचलानंद जी महाराज एवं राम रमैया आश्रम के महंत प्रेमदास जी महाराज के सानिध्य में शाही स्नान की परंपरा निभाई। शुक्रवार को कार्तिक पूर्णिमा का स्नान होगा। इसके लिए श्रद्धालुओं ने पहुंचना शुरू कर दिया है।
सरोवर के घाट में मंत्रोचार के साथ पूजन और स्नान जारी है। गुरुवार को चतुर्दशी का संत शाही स्नान किया गया। इससे पूर्व सभी संत महंत पुष्कर के सन्यास आश्रम से बैंड बाजों के साथ पैदल यात्रा करते हुए राम-राम का संकीर्तन करते हुए पुष्कर सरोवर की परिक्रमा मार्ग होते हुए सप्त ऋषि घाट पर पहुंचे। यहां पर मंत्रोचार के साथ पुष्कर पुरोहित के सानिध्य में पुष्करव सरोवर का पूजन किया । सभी संतो ने सामूहिक रूप से पुष्कर सरोवर में शाही स्नान किया पूजन करने के बाद सभी पैदल परिक्रमा करते हुए अपने गंतव्य को लौट गए।
धर्ममय हुई पुष्कर नगरी
कार्तिक एकादशी से पुष्कर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। इसके चलते समूची पुष्कर नगरी धर्ममय हो गई है। पुष्कर में कहीं मंत्रोच्चार से श्राद्ध तर्पण तो कहीं पूजन जारी है। महिलाएं, पुरुष, युवक पवित्र सरोवर में डुबकी लगाकर पुण्य कमा रहे हैं। कार्तिक पूर्णिमा के स्नान के साथ धार्मिक मेला संपन्न होगा।