अजमेर

शर्मनाक : जायरीन को जेबतराश बताकर मारपीट, मूंछ व सिर के बाल काटे

पत्रिका देर रात : दरगाह की जियारत करने आए पीडि़त ने दर्ज करवाया मुकदमा, मुख्य आरोपी खादिम युवक समेत तीन गिरफ्तार  

2 min read
Sep 24, 2023
शर्मनाक : जायरीन को जेबतराश बताकर मारपीट, मूंछ व सिर के बाल काटे

अजमेर.

ख्वाजा साहब की दरगाह में उत्तर प्रदेश बुरहानपुर से जियारत करने आए जायरीन युवक के साथ मारपीट कर बाल काटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीडि़त का मौके पर तैनात पुलिसकर्मी ने बचाव किया। आरोपियों में स्थानीय खादिम युवक व उसके 3-4 अन्य साथी हैं। आरोपियों ने जायरीन युवक को जेबतराश बताकर उससे नकदी छीनते हुए मारपीट की। फिर नाई को बुलाकर उसकी आधी मूंछ और सिर के कुछ बाल काट दिए। दरगाह थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शनिवार की देर रात मुख्य आरोपी समेत तीन जनों को गिरफ्तार कर लिया।

अवैध वसूली के लिए रोका

पुलिस के अनुसार मध्यप्रदेश बुरहानपुर हमीदपुरा गणपति नगर निवासी सरवर हुसैन (32) अपने दो दोस्त आसिफ व अनिस के साथ 22 सितम्बर को अजमेर दरगाह जियारत करने आया था। शनिवार दोपहर एक बजे दरगाह परिसर में खादिम समुदाय के एक युवक समेत कुछ अन्य युवकों ने सरवर को रोक लिया। सरवर का आरोप है कि आरोपियों ने उससे अवैध वसूली करनी चाही।

इनकार पर मारपीट, बुलाया नाई

इनकार करने पर आरोपियों ने उसे जेबतराश बताते हुए मारपीट कर जेब से करीब साढ़े 5 हजार रुपए निकाल लिए। इसके बाद नाई को बुलाकर आधी मूंछ और सिर के बाल कटवा दिए। वारदात की सूचना पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने बीच-बचाव करते हुए सरवर को बचाया। जबकि आरोपियों ने उसे जेबकट बताया। पुलिस ने पीडि़त सरवर हुसैन को थाने लाकर पूछताछ की तो सच सामने आ गया। सरवर की शिकायत पर मुख्य आरोपी खादिम सैयद रहमत अली को नामजद करते हुए 3-4 अन्य के खिलाफ रास्ता रोककर मारपीट, जानबूझकर अनादर व मानहानि का मुकदमा दर्ज किया है।

मुख्य आरोपी समेत तीन गिरफ्तार

प्रकरण में थानाप्रभारी जगदीश प्रसाद मीणा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुख्य आरोपी सैयद रहमत अली समेत उसके दो साथी लाखन कोटड़ी निवासी कासिम शेख(32) व चूनपचान गली निवासी मोहम्मद फेज सलमानी(50) को शनिवार देर रात शांतिभंग में गिरफ्तार कर लिया। जबकि उनके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।

जेबतराश बताकर करते हैं मारपीट

पीडि़त सरवर ने बताया कि वह अपने दो दोस्त के साथ जियारत करने जा रहा था। आरोपी ने उसे जियारत करने से रोककर मारपीट की। आरोपी जायरीन से अवैध वसूली करते हैं। विरोध पर जेबतराश बताकर मारपीट करते हैं। पुलिस समय पर नहीं पहुंचती तो उसके साथ और मारपीट की जाती। नाई बुलाकर मूंछ व सिर के बाल काट दिए। कोई भी मामला होता है तो जेबकट बताकर जायरीन से मारपीट की जाती है।

इनका कहना है...

पीडि़त जायरीन की रिपोर्ट पर सैयद रहमत अली समेत 4-5 अन्य के खिलाफ मारपीट, अवैध वसूली व मानहानि की घटनाकारित करने का मुकदमा दर्ज किया है। प्रकरण में मुख्य आरोपी समेत तीन को शांतिभंग में गिरफ्तार किया है। प्रकरण में अनुसंधान किया जा रहा है।

जगदीश मीणा, थानाप्रभारी दरगाह

Published on:
24 Sept 2023 04:26 am
Also Read
View All

अगली खबर