
जेएलएन अस्पताल के शिशु रोग विभाग में छात्रा का उपचार करते चिकित्सक: फोटो पत्रिका
अजमेर। अलवर गेट थाना क्षेत्र में बोर्ड परीक्षा से पहले 10वीं कक्षा की छात्रा के आत्महत्या की कोशिश का मामला सामने आया। स्कूल द्वारा कम उपस्थिति का नोटिस भेजे जाने पर छात्रा ने घर में रखा विषाक्त सेवन कर लिया। परिजन ने उसे अस्पताल पहुंचाया जहां आईसीयू में उपचार चल रहा है।
जानकारी अनुसार 16 वर्षीय किशोरी ने मंगलवार दोपहर घर पर विषाक्त सेवन कर लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे जेएलएन अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां शिशु रोग विभाग की गहन चिकित्सा ईकाई में उसका उपचार जारी है।
प्रारंभिक पड़ताल में आया कि किशोरी नारेली के पास स्थित निजी स्कूल में दसवीं की छात्रा है। हाजिरी कम होने को लेकर स्कूल प्रबंधन ने छात्रा के परिजन को नोटिस दिया था। उसकी मां ने बताया कि जनवरी में प्री-बोर्ड परीक्षा के बाद हुई पीटीएम में छात्रा की 60 फीसदी उपस्थिति बताई थी। इसके बाद करीब 4-5 दिन पहले सोशल मीडिया पर 50 प्रतिशत हाजिरी बताकर बोर्ड परीक्षा का प्रवेश पत्र देने का नोटिस भेज दिया। इस बात को लेकर परिजन लगातार स्कूल के चक्कर लगा रहे थे।
छात्रा की मां ने आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों की ओर से छात्रा को मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था। शिक्षकों ने अन्य विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को छात्रा से बात न करने की हिदायत दे रखी थी। क्लॉस की अन्य छात्राओं को उससे दूरी रखने का दबाव बनाया हुआ था। जिसके चलते छात्रा मानसिक दबाव में थी।
छात्रा ने विषाक्त सेवन से पहले अंग्रेजी में सुसाइड नोट लिखा। जिसमें मां, भाई से माफी मांगते हुए उनकी उम्मीदों पर खरा नहीं उतरना बताया। स्कूल में अन्य विद्यार्थियों से अलग-थलग रखने, टीचर्स द्वारा प्रताडि़त और भविष्य खराब होने के डर का भी जिक्र किया।
पड़ताल में आया कि छात्रा की मां खेत पर काम कर रही थी जबकि वह घर पर अकेली थी। कुछ देर बाद बड़ा भाई घर पहुंचा तो वह अचेतावस्था में मिली। बहन को अचेत देखकर उसने शोर मचाया। उसकी आवाज सुनकर परिजन जुट गए। वह उसे जेएलएनएच लेकरआए। यहां उसको शिशु रोग विभाग की आईसीयू में रखकर इलाज किया जा रहा है।
छात्रा ने विषाक्त सेवन किया है। वह स्कूल जाना नहीं चाहती थी। स्कूल में उपस्थिति भी श़ॉर्ट होना सामने आया है। छात्रा के सामान्य होने पर मामले की पड़ताल की जाएगी।
नरेन्द्र सिंह जाखड़,थानाप्रभारी, अलवरगेट
Published on:
04 Feb 2026 01:59 pm

बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
