अजमेर. माध्यमिक शिक्षा बोर्ड का परिणाम बोर्ड के पहली बार रात्रि में जारी किया गया। जानकारों की मानें तो अब तक परिणाम शाम 6 बजे के पहले जारी किए जाते रहे हैं, लेकिन गुरुवार को 12वीं विज्ञान व वाणिज्य का विषय का परिणाम रात्रि 8 बजे प्रशासक सी. आर. मीणा ने जारी किया। बोर्ड के करीब 67 साल के इतिहास में संभवत: पहला मौका है जब रात्रि में परिणाम निकाला गया।
एक दिन पूर्व संभाला था पद
माशिबो का परिणाम प्रशासक मीणा ने जारी किया। उन्होंने गुरुवार को ही बोर्ड प्रशासक का कार्यभार शाम 6 बजे संभाला और 2 घंटे बाद परिणाम जारी कर दिया। इससे पहले गत वर्ष भी परिणाम बोर्ड प्रशासक रहे एल. एन. मंत्री ने परिणाम जारी किया था। गत दो साल से बोर्ड अध्यक्ष नहीं होने से परिणाम प्रशासनिक अधिकारी ही जारी कर रहे हैं। बोर्ड ने परिणाम को रिकाॅर्ड 36 दिन में निकाला।
परीक्षार्थी : एक नजर
12वीं कक्षा की परीक्षा 9 मार्च से शुरू होकर 12 अप्रेल तक चलीं। 10वीं की परीक्षाएं 16 मार्च से 11 अप्रेल तक हुईं। इन परीक्षाओं के लिए 21 लाख 12 हजार 206 विद्यार्थी पंजीकृत रहे। 12वीं परीक्षा के साइंस, कॉमर्स व कला में 10 लाख 31 हजार 72 विद्यार्थी पंजीकृत रहे। 10वीं परीक्षा में 10 लाख 68 हजार 383 स्टूडेंट्स रजिस्टर्ड थे।