
raghu sharma win ajmer bypoll
अजमेर।
भाजपा द्वारा नसीराबाद विधानसभा क्षेत्र के एक बूथ पर रिकाउंटिंग का अजमेर लोकसभा उपचुनाव के नतीजे पर खास फर्क नहीं पड़ा। कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. रघु शर्मा ने अपने प्रतिद्वंदी भाजपा के रामस्वरूप लाम्बा को 84 हजार 616 मतों से हराया। कांग्रेस प्रत्याशी शर्मा को 6 लाख 11 हजार 514 मत मिले जबकि भाजपा प्रत्याशी लाम्बा को 5 लाख 27 हजार 100 वोट मिले। जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव गोयल ने कांग्रेस प्रत्याशी को निर्वाचित घोषित किया।
उनके साथ पीसीसी अध्यक्ष सचिन पायलट भी मौजूद रहे।
नसीराबाद रोड स्थित राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में गुरुवार सुबह 8 बजे मतगणना शुरू हुई। पहले मतपत्रों की गणना शुरू हुई, इसमें कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में रुझान आया। इसके बाद ईवीएम में मतों की गिनती शुरू हुई। कांग्रेस प्रत्याशी रघु शर्मा ने शुरुआत से ही हर राउंड में बढ़त बरकरार रखी। दो विधानसभा क्षेत्रों को छोड़ कर शर्मा हर राउंड में भाजपा प्रत्याशी लाम्बा को पछाड़ते नजर आए।
मतगणना के शुरुआती रुझान के साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार हो गया। वहीं भाजपाइयों में मायूसी छाने लगी। मतगणना स्थल पर भाजपा के बड़े नेता नहीं पहुंचे। इस दौरान भाजपा के देहात जिलाध्यक्ष प्रो. बी.पी. सारस्वत एवं शहर जिलाध्यक्ष अरविन्द यादव मौजूद रहे।
यहां तक मतगणना समाप्ति तक भाजपा प्रत्याशी लाम्बा मतगणना स्थल पर नजर नहीं आए। उपचुनाव में तीसरे नम्बर पर निर्दलीय प्रत्याशी मुकेश गैना तीसरे स्थान पर रहे। वे 12058 मत प्राप्त करने के साथ अपनी जमानत बचाने में सफल रहे।
कांग्रेस साढ़े तीन साल बाद फिर छीनी सीट
कांग्रेस ने करीब साढ़े तीन साल बाद भाजपा से अजमेर लोकसभा सीट वापस छीनी है। इससे पहले लाम्बा के पिता सांवरलाल जाट ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट को करीब 1 लाख 71 हजार मतों से हराया था। वर्ष 2009 से 2014 तक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट अजमेर से सांसद और केंद्रीय मंत्री रहे।
अप्रेल-मई 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा के प्रो. सांवरलाल जाट ने पायलट को पराजित किया था। प्रो. जाट बाद में मोदी मंत्रीमंडल में केंद्रीय गंगा सफाई और जलसंसाधन राज्य मंत्री भी रहे। बीते वर्ष 9 अगस्त को उनका निधन हुआ था।
कांग्रेसियों ने मनाया जश्न
अजमेर संसदीय जीतने के साथ कांग्रेसियों ने जबरदस्त जश्न मनाया। पॉलीटेक्निक कॉलेज-माखुपुरा क्षेत्र में पटाखे चलाए गए। ढोल-ढमाकों पर कार्यकर्ता नाचते रहे। डॉ. रघु शर्मा की जीत की खबर मिलते ही उनका जोश दोगुना हो गया। गांधी भवन, बजरंगढ़ पर भी कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर मिठाई बांटी।
Published on:
01 Feb 2018 07:45 pm
बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
