4 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बोले सचिन पायलट-पार्टी ने कहा तो लड़ूंगा अजमेर से लोकसभा चुनाव, राज्य में किस मुंह से वोट मांगेगी भाजपा

वे जीतेंगे तो न सिर्फ तमाम राजनीतिक विरोधियों को परास्त कर सकेंगे, बल्कि देश भर में पिछड़ रही कांग्रेस को भी एक नई प्राणवायु दे सकेंगे।

3 min read
Google source verification
sachin pilot must fight ajmer lok sabha eelction

उपेन्द्र शर्मा/अजमेर।

उनकी आंखों में उप चुनावों को लेकर एक अलग तरह का आत्मविश्वास दिख रहा है। वे अजमेर , अलवर और मांडलगढ़ के उप चुनावों में जीतने का दावा कर रहे हैं। करें भी क्यों नहीं आखिर यह उपचुनाव आगामी विधानसभा चुनावों से पहले एक सेमीफाइनल की तरह है। उनकी अब तक की राजनीतिक यात्रा की सबसे कठिन परीक्षा है। वे जीतेंगे तो न सिर्फ तमाम राजनीतिक विरोधियों को परास्त कर सकेंगे, बल्कि देश भर में पिछड़ रही कांग्रेस को भी एक नई प्राणवायु दे सकेंगे। लेकिन वे यह भी बखूबी जानते हैं कि उनके नहीं जीत पाने पर क्या होगा। हम बात कर रहे हैं कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट की। जयपुर से राजसमंद जाते वक्त अजमेर में राजस्थान पत्रिका से विभिन्न मुद्दों पर विशेष बातचीत की।

पत्रिका:- क्या आप खुद अजमेर से चुनाव लड़ेंगे?

पायलट:-क्यों नहीं..? पहले भी यहां सेवा कर चुका हूं। अब भी आलाकमान का आदेश हो तो जरूर चुनाव लड़ूंगा।
पत्रिका:- उप चुनावों में आखिर जनता कांग्रेस को वोट क्यों दें? पायलट:- क्यों नहीं दें। जो काम मैंने अजमेर में और भंवर जितेन्द्र सिंह ने अलवर में करवाए हैं, अगर उनकी तुलना पिछले साढ़े तीन वर्षों से की जाए तो सचाई सामाने आ जाएगी और जनता कांग्रेस को ही वोट देना चाहेगी। अजमेर में हवाई अड्डा, केन्द्रीय विश्वविद्यालय, ४५ नई रेलगाडिय़ां क्या भाजपा लेकर आई है। एयरपोर्ट को तो भाजपा ने अटका ही सिर्फ इसीलिए रखा है कि इसका फायदा चुनाव में कांग्रेस को न मिले।

पत्रिका:- प्रदेश में भाजपा शासन के बारे में आप क्या कहेंगे? क्या इन चुनावों में उनके विकास कार्यों का असर होगा?

पायलट:- मुख्यमंत्री खुद एक महिला हैं और यहां राजधानी जयपुर, बीकानेर , सीकर, नोखां, बाड़मेर, अलवर में आए दिन छोटी बच्चियों के साथ बलात्कार जैसी हैवानियत हो रही है। आंकड़ों के अनुसार इस तरह के अपराधों में राजस्थान तीसरे नम्बर पर है। यह सबसे ज्यादा शर्मनाक है। वे किस मुंह से चुनाव में वोट मांगेंगी। यह एक घमंड से भरी पार्टी और बेशर्म सरकार है।

पत्रिका:- क्या कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आपको पूरा सहयोग कर रहे हैं?

पायलट:- बेशक। मैं पार्टी का संभवत: पहला प्रदेशाध्यक्ष हूं, जिसे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का भरपूर सहयोग और मार्गदर्शन मिल रहा है।

अजमेर से पिछले साढ़े तीन वर्षों में आपकी भी बेरुखी ही रही?

पायलट का कहना है कि मई २०१४ में अजमेर से चुनाव हारने के बाद यहां अक्सर नहीं आने या बेरुखी जैसी कोई बात नहीं है। पार्टी ने उसके तत्काल बाद मुझे प्रदेशाध्यक्ष बना दिया था। पूरे प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई। फिर नगर निकाय और पंचायत संस्थाओं के चुनाव आ गए। पांच सीटों पर उपचुनाव भी हुए। इनके अलावा अन्य संगठनात्मक गतिविधियों में व्यस्तताएं खासी बढ़ गईं। ऐसे में अजमेर आना थोड़ा कम जरूर हुआ, लेकिन यहां के लोगों के प्रति मैं पूरी तरह से समर्पित हूं।

मैं तो सिर्फ जनता से टिप्स लेता हूं

बॉलीवुड अभिनेता अभिषेक बच्चन ने एक फिल्म पा (२००९) में एक राजनेता का किरदार निभाया था। जिसमें उन्होंने सचिन पायलट के व्यक्तित्व की कॉपी की थी। बॉलीवुड से जुड़ी न्यूज साइट्स के अनुसार बच्चन ने पायलट से इस बारे में टिप्स लिए थे। दूसरी ओर पायलट का कहना है वे किसी अभिनेता से नहीं बल्कि सिर्फ जनता से टिप्स लेते हैं। उसी के अनुसार अपनी राजनीति करते हैं।

शहीदों के प्रति नई मुहिम!

पायलट ने इन दिनों सरहद पर शहीद होने वाले सैन्य वीरों को मान-सम्मान देने की मुहिम छेड़ रखी है। वे उनके गांव-घर जाकर परिजनों से मुलाकात करते हैं, उन्हें सांत्वना देते हैं। बुधवार को भी उन्होंने राजवा (राजसमंद) में शहीद नींब सिंह रावत की प्रतिमा का अनावरण किया। पायलट एक वर्ष पहले शहीद की अंत्येष्टि में भी शामिल हुए थे। उनका कहना है कि शहीदों के प्रति पूरे समाज और सरकार का दायित्व है कि मान सम्मान प्रकट किया जाए।

गर्मजोशी से किया पायलट का स्वागत

शहर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट का जयपुर रोड स्थित अशोक उद्यान पर माल्यार्पण व पुष्पवर्षा से स्वागत किया गया। इससे पूर्व पायलट ने कार से उतरकर सभी कांग्रेसजन का अभिवादन किया। उसके पायलट शहीद निम्ब सिंह रावत के मूर्ति अनावरण कार्यक्रम में भाग लेने के लिए भीम टॉडगढ़ रवाना हुए। स्वागत करने वालों में शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय जैन, पीसीसी सचिव महेन्द्र सिंह रलावता, हेमंत भाटी, कुलदीप कपूर, विष्णु माथुर, अमोलक छाबड़ा, प्रताप यादव, गिरधर तेजवानी, कैलाश झालीवाल, विपिन बेसिल , श्याम प्रजापति, अशोक बिंदल,आरिफ हुसैन, हरिसिंह गुर्जर, प्रद्युम्न सिंह, शैलेन्द्र अग्रवाल, शिव कुमार बंसल, मनोज खंडेलवाल, शक्ति सिंह रलावता, राजेन्द्र वर्मा, राजेन्द्र नरचल, कमल गंगवाल, विकास अग्रवाल, राजकुमार गर्ग, अतुल माहेश्वरी, मयंक टंडन, रश्मि, दीपक हासानी, रागिनी चतुर्वेदी, सबा खान, अरुणा कच्छावा, वर्षा टांक, अंकुर त्यागी, संदीप रिचर्ड, शमशुद्दीन आदि मौजूद रहे।

Story Loader