7 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan: SI की परीक्षा देने निकले दो युवाओं की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, शोक में डूबे लोग

Ajmer Road Accident : सरवाड़ निवासी राहुल अरोड़ा और ग्राम गोवर्धनपुरा निवासी दिनेश कुमावत मोटरसाइकिल से अजमेर परीक्षा देने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में सड़क हादसे ने दोनों की जिंदगी छीन ली।

2 min read
Google source verification

फोटो पत्रिका नेटवर्क

सरवाड़ (अजमेर)। मौत कब और किसे अपने आगोश में ले ले, इसका कोई अंदाजा नहीं होता। रविवार को एसआइ परीक्षा देने निकले दो युवाओं के साथ भी ऐसा ही हुआ। सरवाड़ निवासी राहुल अरोड़ा और ग्राम गोवर्धनपुरा निवासी दिनेश कुमावत मोटरसाइकिल से अजमेर परीक्षा देने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में सड़क हादसे ने दोनों की जिंदगी छीन ली।

दोनों युवक सरवाड़ से अजमेर के लिए रवाना हुए थे। करीब दस-बारह किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद ग्राम अरवड़ के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में दिनेश कुमावत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल राहुल अरोड़ा को अजमेर चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

सोमवार को जैसे ही राहुल का शव सरवाड़ पहुंचा, पूरे कस्बे में शोक छा गया। कोचिंग संस्थान संचालित करने वाले राहुल की असमय मौत ने सभी को झकझोर दिया। अंतिम दर्शन के दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थी पहुंचे, जिनकी आंखों में आंसू और चेहरे पर दुख साफ नजर आया। अपने शिक्षक को श्रद्धांजलि देने पहुंचे कई छात्र-छात्राएं रोते-बिलखते नजर आए, कुछ तो गश खाकर गिर पड़े, जिन्हें लोगों ने संभाला।

बनाई अपनी अलग पहचान

राहुल अरोड़ा अपनी मेधावी प्रतिभा, विनम्र व्यवहार और मिलनसार स्वभाव के कारण क्षेत्र में लोकप्रिय थे। वे विद्यार्थी परिषद, भारत विकास परिषद और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों में सक्रिय भूमिका निभाते थे। अल्प समय में ही उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना ली थी।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

राहुल की मौत ने उनके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। कुछ वर्ष पूर्व ही बेटी को खो चुके पिता दिनेश अरोड़ा और माता संगीता के लिए यह हादसा असहनीय बन गया है। 25 वर्षीय बेटे की अर्थी को कांधा देने का दर्द हर किसी की आंखें नम कर गया।

गांव में पसरा मातम

वहीं, ग्राम गोवर्धनपुरा निवासी दिनेश कुमावत की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। हाल ही में उनका चयन पशु परिचर के रूप में राजकीय सेवा में हुआ था, जिससे परिवार में खुशी का माहौल था। लेकिन इस हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया।

अंतिम संस्कार में उमड़ी भीड़

दोनों युवाओं के अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। हर आंख नम थी और हर कोई इस हादसे से स्तब्ध नजर आया। युवाओं की असमय मौत ने क्षेत्र में गहरा शोक छोड़ दिया है।