23 को जयपुर से शुरू करेंगी श्रद्धा-सांत्वना यात्रा, 26 को आएंगी निम्बार्क तीर्थ
मदनगंज-किशनगढ़. श्रद्धा-सांत्वना यात्रा के तहत पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का 26 नवम्बर को निम्बार्क तीर्थ आने का कार्यक्रम लगभग तय हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री राजे हैलीकॉफ्टर से यहां आएंगी। इसके लिए तीर्थ परिसर में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और अस्थाई हैलीपेड बनाने की भी कवायद की जा रही है।
अजमेर सरपंच संघ जिलाध्यक्ष हरिराम बाना ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री राजे 23 नवम्बर से श्रद्धा सांत्वना यात्रा जयपुर से शुरू कर रही हैं। इसके तहत वे 26 नवम्बर को निम्बार्क तीर्थ आएंगी। यहां निम्बार्क पीठ के पीठाधीश्वर श्रीजी महाराज के दर्शन करेंगी। यहां से पुष्कर ब्रह्म मंदिर और अजमेर दरगाह जाने का भी कार्यक्रम प्रस्तावित है।
पूर्व मुख्यमंत्री राजे अपनी इस यात्रा के दौरान भाजपा नेताओं के घर जाकर उनके परिजन के निधन पर संवेदना व्यक्त करेंगी। जिलाध्यक्ष बाना ने बताया कि राजे का 26 नवम्बर को हैलीकॉप्टर से दोपहर 12 बजकर 10 मिनट पर निम्बार्क तीर्थ पहुंचने और यहां श्रीजी के दर्शन कर कुछ देर ठहरने का कार्यक्रम प्रस्तावित बताया जा रहा है। यहां से वे पुष्कर में ब्रह्म मंदिर दर्शन और अजमेर दरगाह जियारत के बाद उनका दोपहर 2 बजे दिवंगत पूर्व सांसद रासासिंह रावत के घर जाएंगी। यहां से अजमेर में पूर्व मंत्री श्रीकिशन सोनगरा, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष प्रियशील हाड़ा के घर जाने और परिजन के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने का कार्यक्रम है। राजे का विधायक वासुदेव देवनानी के घर जाने का भी कार्यक्रम है।