अजमेर. शहर में गुरुवार को दिन में तेज धूप और गर्मी के बाद शाम को तेज बारिश के साथ चने के आकार के ओले गिरे। हालांकि बारिश का सिलसिला 15 से 20 मिनट ही चला। बारिश से तापमान में गिरावट आई व लोगों को गर्मी से राहत मिली। मुख्य मार्गों संग कई निचले इलाकों में पानी भर गया, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शाम 6 बजे तेज हवाएं शुरू हुईं। इसके बाद बारिश का सिलसिला शुरू हुआ। कुछ देर बरसने के बाद हवा बादलों को ले उड़ी। मौसम में ठंडक होने के साथ ही लोग आनासागर झील किनारे बनी चौपाटी पर पहुंचे, जहां उन्होंने चाट पकौड़ी की आनंद लिया। बच्चों ने भी पार्क में झूले झूले। देर शाम तक झील के आस-पास रौनक नजर आई।