18 जनवरी 2026,

रविवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Weather Update: मानसून मेहरबान, अगस्त की बारिश ने बना डाला नया रिकॉर्ड

जून से सितंबर तक मानसून सक्रिय रहता है। इसकी अवधि 122 दिन तक होती है। इस साल मानसून के 90 दिन निकल चुके हैं। अभी 32 दिन और बचे हैं।

2 min read
Google source verification
rain

अजमेर. अगस्त में इंद्रदेव अजमेर शहर सहित जिले पर जबरदस्त मेहरबान रहे हैं। बरसात ने शहर के औसत आंकड़े को पार कर लिया है। जिले का आंकड़ा पार करने के लिए 69.76 मिलीमीटर बारिश की जरूरत है। केवल अगस्त में ही 453.4 मिलीमीटर बरसात हुई, जिसने नया रिकॉर्ड बना दिया है।यों तो जिले में जून अंत में ही बरसात की शुरुआत हो गई, पर मानसून जुलाई के प्रथम सप्ताह में सक्रिय हुआ। जिले में 1 जून से 10 जुलाई तक महज 35 मिलीमीटर बारिश हुई थी। इसके बाद 15 से 25 जुलाई तक बरसात का आंकड़ा बढ़कर 89.2 मिलीमीटर तक पहुंच गया। इसके बाद 26 से 31 जुलाई तक 99.7 मिलीमीटर बारिश हुई।

अगस्त में ताबड़तोड़ बरसात

अगस्त की शुरुआत होते ही मानसून जबरदस्त मेहरबान हुआ। 5 अगस्त को अजमेर में दो घंटे में 103 मिलीमीटर पानी बरस गया। इसके बाद 6 अगस्त को 110 मिलीमीटर बारिश हुई। बाद में कभी तेज तो कभी मध्यम दर्जे की बरसात होती रही। 25 अगस्त को सुबह से देर रात 138.9 मिलीमीटर और 26 अगस्त को 59.5 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके चलते बारिश का आंकड़ा 676.2 मिलीमीटर तक पहुंच गया। केवल अगस्त अगस्त (1 से 29 तक) 453.4 मिलीमीटर बरसात हुई है।

मानसून के 32 दिन बाकी

जून से सितंबर तक मानसून सक्रिय रहता है। इसकी अवधि 122 दिन तक होती है। इस साल मानसून के 90 दिन निकल चुके हैं। अभी 32 दिन और बचे हैं।

बांधों में पानी की स्थिति

आनासागर 15 (ओवर फ्लो), फॉयसागर 26.9 (ओवर फ्लो), रामसर 6.2, गोविन्दगढ 2.35 (ओवर फ्लो) मीटर, बूढ़ा पुष्कर 8, खानपुरा तालाब 10.6, चौरसियावास 6.8, छोटा तालाब चाट किशनगढ़ 7.4, लाखोलाव हनुतिया 11, भीमसागर तिहारी 12.6, खीरसमन्द रामसर 5.6, मदनसागर डीडवाडा 12.5, रणसमन्द नयागांव 12.3, पुष्कर 19.9, कोडिया सागर अरांई 9.5, सुख सागर सिरोंज 5.4, जवाहर सागर सिरोंज 8.2, सुरखेली सागर अरांई 8.5, विजयसागर लाम्बा 10.3, विजयसागर आकोड़िया 8.9, किशनसागर गागून्दा 9.8 फीट तथा नया सागर मोठी 1.20 मीटर

सड़कों-गड्ढों में पानी

आनासागर गौरव पथ, पुष्कर रोड, सहित कई इलाकों में सड़कों के किनारे पानी हिलोरें मारता रहा। जयपुर रोड पर भूणाबाय के आसपास सड़क पर गहरे गड्ढों में पानी भरा रहा। काजी का नाला, आंतेड़ का नाला, जवाहर नाडी, लोहागल-शास्त्री नगर की पहाड़ी क्षेत्रों के नालों में पानी बहता रहा। इसे आनासागर झील में पानी की आवक जारी रही।

जुलाई में सुस्त था मानसून

मानसून इस बार जुलाई में काफी सुस्त रहा था। पूरे जुलाई में 99 मिलीमीटर बारिश भी नहीं हो पाई थी। इसके अलावा गर्मी ने बेहाल किया था। अगस्त के शुरुआत से ही मानसून ने रफ्तार पकड़ी। इसके चलते जबरदस्त बरसात हुई है।

औसत से 124.9 मिमी ज्यादा

शहर की औसत बारिश 550 मिलीमीटर मानी जाती है। मौसम विभाग के अनुसार शहर में अब तक 675.4 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। यह औसत बरसात से 124.9 मिलीमीटर बारिश ज्यादा है। उधर सिंचाई विभाग के अनुसार जिले में करीब 495 मिलीमीटर बरसात हो चुकी है।

2019 का तोड़ा रिकॉर्ड

बीते दस साल में साल 2019 के अगस्त में 318.55 मिलीमीटर बारिश हुई थी। तब अलनिनो प्रभाव के चलते जुलाई से सितम्बर के बीच अजमेर जिले में 800 मिलीमीटर बारिश हुई थी। इस बार अगस्त में 453.4 मिलीमीटर बारिश के साथ नया रिकाॅर्ड बन चुका है। हालांकि जिले का रिकॉर्ड अभी पीछे है। बारिश के लिहाज से अब सितंबर ही बचा है। मौसम विभाग की मानें तो 1 से 15 सितंबर तक मानसून फिर सक्रिय होगा। कई जगह भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

दस साल में अगस्त में बारिश

2014-175.6

2015-89.0

2016- 195.1

2017-210.4

2018-224.5

2019-318.55

2020-250.1

2021-278.4

2022-279.3

2023-280.9

2024-453.4