18 जनवरी 2026,

रविवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अजमेर- डॉक्टर ने मारी कार से टक्कर, युवक मरा, लोगों ने लगाया जाम

मुआवजे और गिरफ्तारी की मांग पर अड़े लोग

2 min read
Google source verification

अजमेर

image

Amit Kakra

Apr 14, 2019

मदार स्थित आरओबी पर तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से घायल युवक की मौत के बाद शनिवार घटना से गुस्साएं लोगों ने करीब चार घंटे तक रास्ते पर जाम लगा दिया।

मदार स्थित आरओबी पर तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से घायल युवक की मौत

अजमेर. मदार स्थित आरओबी पर तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से घायल युवक की मौत के बाद शनिवार घटना से गुस्साएं लोगों ने करीब चार घंटे तक रास्ते पर जाम लगा दिया। बाद में प्रशासन के आश्वासन के बाद लोगों ने रास्ता खोला। इस संबंध में पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है।
शुक्रवार रात को एमडी कॉलोनी निवासी डॉ. अनिल दहिया ने एक के बाद एक दो बाइक सवार को टक्कर मार दी थी। हादसे में आम का तालाब निवासी सोनू जैन व बड़लिया निवासी शक्ति सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। सोनू की शनिवार उपचार के दौरान मौत गई। इससे क्षेत्र के लोगों में रोष फैल गया। युवक का शव लेकर जैसे ही एम्बुलेन्स मदार क्षेत्र में पहुंची, लोगों ने रास्ता जाम कर दिया। इस दौरान लोगों ने एम्बुलेन्स से शव को बाहर निकाल कर सडक़ पर रख दिया। महिलाएं और पुरुष सडक़ पर प्रदर्शन करने लगे। मृतक के परिजन को मुआवजा, चिकित्सक गिरफ्तार करने की मांग करने लगे। लोगों ने आरोप लगाया कि डॉ. दहिया नशे में गाड़ी चला रहा था। उसकी ठीक से जांच भी नहीं कराई गई। इस दौरान सडक़ के दोनों ओर वाहनों की कतारे लग गई। सूचना पर अलवर गेट थानाधिकारी मुकेश कुमार मय जाप्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों की समझाइश भी की लेकिन लोगों ने जाम नहीं खोला। इस बीच मौके पर अतिरिक्त जाप्ता भी बुलवा लिया गया। इस दौरान कई बार पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की स्थिति भी बनी।

समझाइश पर उठाया शव

लोग मुआवजे की मांग को लेकर अड़े रहे। इस दौरान उपखंड अधिकारी आर्तिका शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सरिता सिंह भी मौके पर पहुंच गईं। दोनों ने लोगों की समझाइश की। लेकिन लोग नहीं माने बाद में काफी देर बाद तक समझाइश के बाद लोग माने और शव को सडक़ से उठाया।

एक ही कमाने वाला था परिवार में
सोनू की मौत से उसके परिवार पर गुजारे का संकट आ गया है। क्षेत्रवासियों ने बताया कि उसके परिवार में वही कमाने वाला था। दुर्घटना में मौत से उसके परिवार पर आजीविका का संकट आ गया है।

प्रदर्शन कर रहे लोगों पर मामला दर्ज

उधर मामले को लेकर अलवर गेट थाना पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में कई लोगों को आरोपी बनाया गया है।

ऐसे मामलों में जो नियमानुसार परिवार का जो मुआवजा बनता है। वह देने की शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।

आर्तिका शुक्ला, उपखण्ड अधिकारी

यह है मामला

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार रात को करीब 9 बजे मदार आरओबी (रेलवे ओवर ब्रिज) पर तेज रफ्तार कार ने दो बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी थी। दुर्घटना में अलग-अलग बाइक पर सवार आम का तालाब निवासी सोनू जैन और बड़लिया निवासी शक्तिसिंह के चोट आई। क्षेत्रवासियों ने कार के चालक एमडी कॉलोनी निवासी डॉ. अनिल दहिया को दबोच लिया था। राहगीरों ने घायल सोनू व शक्तिसिंह को एम्बुलेंस से जवाहरलाल नेहरू अस्पताल पहुंचाया और डॉ. दहिया को पुलिस के हवाले कर दिया था।