
आलीराजपुर नगर पालिका ने किया कपड़े की थैली का वितरण
आलीराजपुर. पर्यावरण संरक्षण के लिए प्लास्टिक से होने वाले नुकसान को रोका जाना आवश्यक है। पर्यावरण शुद्ध होगा तभी मानव जीवन स्वस्थ्य होगा। इसलिए हम सबको मिलकर पर्यावरण को शुद्ध रखने के लिए प्रयास करना चाहिए। नगर को सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त करने का हमने बीड़ा उठाया है। इसलिए सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करें। इसके लिए नपा द्वारा कपड़ा थैली का वितरण किया जा रहा है। हम अपने नगर को साफ और स्वच्छ बनाने के साथ-साथ पर्यावरण को बेहतर बनाने के विशेष प्रयास कर रहे हैं। यह बात नगर पालिका अध्यक्ष सेना पटेल ने सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ चलाए जाने वाले अभियान के तहत नगर पालिका प्रांगण में कपड़े की थैली के वितरण के दौरान आयोजित कार्यक्रम में कही।
दौरान उन्होंने बताया, नगर पालिका ने नगर में करीब 5 हजार कपड़ा थैली वितरण करने की कार्य योजना है। आने वाले दिनों में नगर में कपड़ा थैली का वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम में विधायक मुकेश पटेल, कलेक्टर सुरभि गुप्ता, एसपी विपुल श्रीवास्तव, नपा उपाध्यक्ष मकू परवाल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश पटेल व पार्षद मौजूद थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मुकेश पटेल ने कहा, आलीराजपुर नगर सहित जिले को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने के प्रयास के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। इस काम को सामूहिक जिम्मेदारी के साथ सभी को मिलकर करना होगा। उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने का आह्वान करते हुए कपड़ा थैली का उपयोग करने का आह्वान किया। विधायक मुकेश पटेल ने कहा, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं कर हम गोमाता की रक्षा और हमारे आसपास के वातावरण और पर्यावरण को साफ और स्वच्छ बना सकते हैं। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में पौधारोपण और भूमिगत जल संरक्षण के लिए वॉटर हार्वेस्टिंग तकनीक अपनाने का आह्वान किया।
कलेक्टर सुरभि गुप्ता ने कहा, सिंगल यूज प्लास्टीक से पर्यावरण के साथ-साथ पशुओं को भी हानि पहुंच रही है। हम सभी का दायित्व है कि हम सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करते हुए रोजमर्रा के कामकाज में कपड़े की थैली का उपयोग ही करें। यह सामूहिक जिम्मेदारी का काम है। सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त वातावरण के लिए सामूहिक प्रयास हेतु उन्होंने सभी को आगे आने का आह्वान किया। एसपी श्रीवास्तव ने कहा प्लास्टीक मुक्त वातावरण बनाकर हम सभी पर्यावरण को साफ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण करते हुए वातावरण को साफ और स्वच्छ बनाने के लिए सभी को आगे आने की आवश्यकता है।
कपड़ा थैली के उपयोग का आह्वान
जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश पटेल ने कहा कि नगर को सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त करते हुए नगर को साफ और स्वच्छ बनाने के लिए सभी नागरिक आगे आए। उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक से उत्पन्न होने वाली समस्याओं, गाय और अन्य पशुओं को होने वाले नुकसान के बारे में बताया। उन्होंने नगर पालिका परिषद की कपड़ा थैली वितरण की पहल की सराहना करते हुए आमजन से कपड़ा थैली का उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा सभी मिलकर संकल्प लें कि कपड़ा थैली का ही उपयोग करेंगे। नगर पालिका उपाध्यक्ष मकू परवाल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। संचालन जितेन्द्र तंवर ने किया। आभार नगरीय आजीविका मिशन के साहू ने माना।
Published on:
23 Nov 2019 05:45 pm
बड़ी खबरें
View Allअलीराजपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
