
प्रदेश सरकार की नई रेत नीति के विरोध में निकली एक किमी लंबी ट्रैक्टर रैली,प्रदेश सरकार की नई रेत नीति के विरोध में निकली एक किमी लंबी ट्रैक्टर रैली,प्रदेश सरकार की नई रेत नीति के विरोध में निकली एक किमी लंबी ट्रैक्टर रैली
आलीराजपुर. प्रदेश सरकार द्वारा नई रेत उत्खनन नीति लागू करने के निर्णय के बाद आलीराजपुर में आदिवासी रेत ठेकेदारों, ट्रैक्टर चालकों व ग्रामीणों में आक्रोश है। गुरुवार को यह आक्रोश सडक़ों पर देखने को मिला, जब रेत बचाओ, पर्यावरण बचाओ संघर्ष समिति के आह्वान पर सैकड़ों आदिवासी अपने ट्रैक्टर के साथ जिला मुख्यालय स्थित टंकी ग्राउंड पर एकत्रित हुए और समिति द्वारा निकाली गई आक्रोश रैली में सम्मिलित हुए। रैली दोपहर करीब 1.00 बजे प्रारंभ हुई जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंची। यहां पर कलेक्टर सुरभि गुप्ता को राज्यपाल व मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर नई रेत नीति प्रतिबंधित कर स्थानीय लोगों को अधिकार प्रदान करने की मांग की गई। इस दौरान समिति अध्यक्ष महेश पटेेल ने कहा, एक तरफ तो सरकार रोजगार देने की बात कर रही है, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण आदिवासियों का रोजगार छीनने का काम कर रही है। अगर कमलनाथ सरकार ने हमारी मांगें नहीं मानी तो हजारों टै्रक्टर ले जाकर भोपाल में मुख्यमंत्री कमलनाथ का घेराव करंेगे।
नई रेत उत्खनन नीति लागू करने के निर्णय के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष व रेत बचाओं पर्यावरण बचाओ संघर्ष समिति अध्यक्ष महेश पटेल व संरक्षक भदू भाई पचाया के नेतृत्व में स्थानीय बस स्टैंड स्थित टंकी ग्राउंड से ट्रैक्टर रैली निकाली गई जो करीब 1 किमी लंबी थी। इस रैली में शामिल ट्रेक्टर मालिक अपने ट्रेक्टर पर नारों की तख्तियां लगाकर चल रहे थे, जिसमें सरकार की नई रेत नीति का विरोध किया जा रहा था। रैली में समिति के उपाध्यक्ष गुमानसिंह हरवाल, गिलदारसिंह चौहान, कैलाश चौहान, कोषाध्यक्ष केरू पटेल, सचिव गोविंद परमार, सह सचिव बहादुरसिंह भिंडे, शंकर बामनिया, सालम सोलंकी, रितु लोहार, विक्रम चौहान, संजय माझी भी मौजूद थे। ट्रैक्टरों का यह काफिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचा, जहां नारेबाजी के बाद कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया।
काफी देर तक रहा लंबा जाम
रेत बचाओ संघर्ष समिति की करीब 1 किमी लंबी रैली से बस स्टैंड, दाहोद नाका, चांदपुर रोड व अन्य मार्ग पर करीब आधे घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। जब तक रैली उक्त मार्ग से पूरी नहींं हुई तब तक बाइक और चार पहिया वाहन चालक जाम में फंसे रहे। जाम को दूर करने के लिए यातायात पुलिस के जवान प्रयास करते दिखाई दिए। हालांकि ट्रैक्टर रैली में शामिल सभी ट्रैक्टर चालक रोड की एक साइड से चल रहे थे ताकि दूसरी साइड से लोगों का आना जाना बना रहे। रेत बचाओ, पर्यावरण बचाओ संघर्ष समिति द्वारा निकाली गई ट्रैक्टर रैली एमजी रोड, नीम चौक, पोस्ट ऑफिस चौराहा, झंडा चौक, रामदेव मंदिर मार्ग, दाहोद नाका होते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंची तो पूरा कलेक्टर परिसर ट्रैक्टरों से भर गया। सभी ट्रैक्टर ज्ञापन सौंपे जाने के बाद अपने अपने गांव की ओर रवाना हो गए। हालांकि ज्ञापन सौंपे जाने के बाद भी बड़ी संख्या में ट्रैक्टरों का कलेक्टर परिसर पहुंचने का सिलसिला काफी देर तक चलता रहा।
Published on:
20 Sept 2019 05:38 pm
बड़ी खबरें
View Allअलीराजपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
