
शोभायात्रा (फोटो - पत्रिका)
आज हनुमान जी का जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। सुबह की पहली किरण के साथ ही मंदिरों से गूंजती शंखध्वनि और 'जय श्री राम' के उद्घोष ने वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय कर दिया है। शहर के छोटे-बड़े सभी हनुमान मंदिरों में श्रद्धा और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है, जहां भक्त अपने आराध्य के दर्शन के लिए कतारों में खड़े नजर आए। इस पावन अवसर पर मंदिरों को विशेष रूप से सजाया गया है।
सुबह से ही विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हो गया, जिसमें सुंदरकांड पाठ, हनुमान चालीसा और भजन-कीर्तन की गूंज हर ओर सुनाई दे रही है। हसन खां मेवात नगर के बी-ब्लॉक में हनुमान जन्मोत्सव का भव्य आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से सुंदरकांड का पाठ किया। इसके पश्चात 151 ध्वजों के साथ एक भव्य ध्वज यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस आयोजन का समापन विशाल भंडारे के साथ हुआ, जहां श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।
ऐतिहासिक हजूरी गेट स्थित बुर्ज वाले हनुमान मंदिर में भी सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। यहां बाबा का विशेष चोला अर्पण और आकर्षक श्रृंगार किया गया, जिसे देखने के लिए दूर-दराज से लोग पहुंचे। मंदिर की ओर से शाम को महाआरती और भजन संध्या का विशेष आयोजन रखा गया है। वहीं, डंडे वाले हनुमान मंदिर में सुबह सवा आठ बजे से ही कीर्तन की मधुर प्रस्तुतियां शुरू हो गईं, जिससे माहौल आध्यात्मिक हो गया। यहां श्रीराम जानकी रसोई के सहयोग से निरंतर भंडारे का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें हजारों लोग प्रसाद ले रहे हैं।
आयोजनों में अकबरपुर बगीची वाले हनुमानजी की शोभायात्रा मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। केडलगंज से सुबह गाजे-बाजे के साथ शुरू हुई यह यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। इस शोभायात्रा में करीब 551 ध्वजों के साथ श्रद्धालु नाचते-गाते चल रहे थे। मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा और ताशा पार्टी की धुनों ने समां बांध दिया।
कंपनी बाग स्थित तार घर हनुमान मंदिर में भी कार्यक्रमों की लंबी फेहरिस्त रही, जहां 101 किलो लड्डू का भोग लगाया गया और महिलाओं की ओर से विशेष सत्संग का आयोजन किया गया। इसी तरह तोप वाले हनुमान मंदिर और सागर ऊपर स्थित छटंकी वाले हनुमान मंदिर में भी विशेष झांकियां और भंडारों का आयोजन किया गया। कुल मिलाकर आज सभी बजरंगबली की भक्ति के रंग में रंगे नजर आए।
Published on:
02 Apr 2026 12:07 pm
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
