भारत जोड़ो यात्रा में जुटी भीड़ से गद्गद कांग्रेस अब हाथ से हाथ जोड़ गांव- ढाणी तक पहुंचने की तैयारी में जुटी है। अलवर सहित प्रदेश में आगामी 26 जनवरी से शुरू होने वाले हाथ से हाथ जोड़ो अभियान में कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-ढाणियों तक पहुंच राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं एवं कल्याण कार्यक्रमों, कांग्रेस की रीति नीति से लोगों को अवगत कराएंगे।
अलवर. भारत जोड़ो यात्रा में जुटी भीड़ से गद्गद कांग्रेस अब हाथ से हाथ जोड़ गांव- ढाणी तक पहुंचने की तैयारी में जुटी है। अलवर सहित प्रदेश में आगामी 26 जनवरी से शुरू होने वाले हाथ से हाथ जोड़ो अभियान में कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-ढाणियों तक पहुंच राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं एवं कल्याण कार्यक्रमों, कांग्रेस की रीति नीति से लोगों को अवगत कराएंगे। यह कार्यक्रम जिले में दो महीने चलेगा।
कांग्रेस की ओर से पिछले दिनों शुरू की गई राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा अब अंतिम पड़ाव पर पहुंचने को है। आगामी 26 जनवरी को भारत जोड़ो यात्रा कश्मीर पहूंचकर पूर्ण होगी। कांग्रेस की ओर से इसी दिन से हाथ से हाथ जोड़ो अभियान का आगाज किया जाएगा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से इस अभियान के लिए प्रदेश एवं जिला समन्वयक की नियुक्ति की जा चुकी है। वहीं गत रविवार को जयपुर में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की तैयारी को लेकर बैठक का आयाेजन किया जा चुका है। इस बैठक में अलवर जिले से कांग्रेस जिलाध्यक्ष शामिल हो चुके हैं।
जिला से ग्राम पंचायत तक होगी मॉनिटरिंग
कांग्रेस के हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की मॉनिटरिंग अलवर में जिला स्तर से ग्राम पंचायत व बूथ स्तर तक किए जाने की योजना तैयार की जा रही है। वहीं प्रदेश एवं एआइसीसी तक भी इस अभियान की मॉनिटरिंग होगी। इसमें पार्टी के कार्यकर्ता घर- घर जाएंगे और लोगों को कांग्रेस सरकार की योजनाओं, फ्लैगशिप योजनाओं की जानकारी देंगे।
इस तरह करेंगे अभियान मॉनिटरिंग
हाथ से हाथ अभियान की मॉनिटरिंग के लिए जिले के 11 विधानसभा क्षेत्रों में जिला कांग्रेस की ओर से समन्वयक नियुक्त किए जाएंगे। वहीं कांग्रेस के ब्लॉक स्तर पर एक- एक सह समन्वयकों की नियुक्ति होगी। वहीं ग्राम पंचायत स्तर पर एक- एक कोर्डिनेटर नियुक्त किए जाएंगे। पार्टी की योजना बूथ स्तर पर भी अभियान की मॉनिटरिंग के लिए समन्वयक नियुक्त किए जाने की है।
अभियान की तैयारी के लिए बैठक जल्द
हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की तैयारी को लेकर जल्द ही जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से बैठक का आयोजन किया जाएगा। इसमें जिला से लेकर बूथ स्तर तक अभियान चलाने को लेकर कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जाएगा।
योगेश मिश्रा
जिलाध्यक्ष, कांग्रेस कमेटी अलवर