20 जनवरी 2026,

मंगलवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कांग्रेस व भाजपा नेताओं ने दिल्ली में क्यूं डेरा डाला

विधानसभा चुनाव में टिकट के लिए कांग्रेस व भाजपा नेता दिल्ली की दौड़ लगा रहे हैं। कांग्रेस की सीइसी की बैठक दिल्ली में होने तथा भाजपा की 15 अक्टूबर को दिल्ली में सीइसी की बैठक होने के कारण नेताओं ने टिकट के लिए अब दिल्ली में ही डेरा डाल दिया है।

2 min read
Google source verification

अलवर

image

Prem Pathak

Oct 14, 2023

कांग्रेस व भाजपा नेताओं ने दिल्ली में क्यूं डेरा डाला

कांग्रेस व भाजपा नेताओं ने दिल्ली में क्यूं डेरा डाला

अलवर. नवरात्र की शुरुआत के साथ ही प्रमुख राजनीतिक दलों के टिकट के दावेदारों के सब्र का बांध भी टूटने लगा है। मुख्य चुनाव समिति की बैठक दिल्ली में होने के कारण कांग्रेस के ज्यादातर टिकट के दावेदारों ने दिल्ली में डेरा जमा लिया है, वहीं भाजपा टिकट के दावेदारों को दूसरी सूची जल्द जारी होने का इंतजार है। कांग्रेस व भाजपा प्रत्याशियों की सूची के इंतजार में तीसरे मोर्चे के दलों ने अभी अपने पत्ते पूरी तरह नहीं खोले हैं।

नवरात्र की शुरुआत रविवार होगी, कांग्रेस व भाजपा टिकट के दावेदारों को उम्मीद है कि अब प्रत्याशियों की सूची जारी करने की प्रक्रिया में तेजी आएगी। प्रमुख राजनीतिक दलों ने प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है। कांग्रेस मुख्य चुनाव समिति की बैठक दिल्ली में हुई। इसमें समिति की ओर से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्रों के लिए एक- एक नाम के पैनल तैयार कर मुहर लगने के लिए कांग्रेस कार्यसमिति में भेजे जाएंगे। कांग्रेस कार्य समिति की बैठक 18 अक्टूबर को दिल्ली में होगी। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत सभी प्रमुख नेता मौजूद रहेंगे। इससे पहले प्रदेश चुनाव समिति की बैठक जयपुर में हुई, इसमें प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए तीन- तीन नामों के पैनल तैयार कर मुख्य चुनाव समिति को भेजे गए हैं। उधर, भाजपा प्रत्याशियों की पहली सूची पूर्व में ही जारी कर चुकी है, इसमें अलवर जिले में तीन सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा की गई है। इनमें अलवर सांसद को विधानसभा चुनाव में उतारा गया है। वहीं प्रत्याशियों की दूसरी सूची एक- दो दिन में जारी होने की उम्मीद जताई जा रही है। भाजपा की मुख्य चुनाव समिति की बैठक भी रविवार को दिल्ली में होगी। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत अन्य सभी प्रमुख नेता मौजूद रहेंगे। इस बैठक के बाद कभी भी भाजपा की दूसरी सूची आ सकती है।

दावेदारों ने दिल्ली की ओर किया कूच

कांग्रेस व भाजपा की सीइसी की बैठक दिल्ली में होने के कारण टिकट के ज्यादातर दावेदारों ने अब दिल्ली का रूख कर लिया है। दोनों ही दलों के टिकट के दावेदार दिल्ली में अपनी- अपनी पार्टियों के बड़े नेताओं से टिकट के लिए जुगत बिठाने में जुटे हैं। इस कारण जिले में इन दिनों टिकट के ज्यादातर दावेदार दिखाई नहीं पड़ रहे हैं।

तीसरे मोर्चा भी देखो और इंतजार की नीति पर

तीसरे मोर्चे के ज्यादातर दलों ने अभी अलवर जिले में अपने प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है। केवल बसपा ने दो और समाजवादी पार्टी ने एक सीट पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा की है। ये दल कांग्रेस व भाजपा की सूचियां जारी होने का इंतजार कर रहे हैं। इन दलों की नजर उन नेताओं पर टिकी है, जो टिकट नहीं मिलने पर अपने दलों से बगावत कर सकते हैं। पूर्व में भी तीसरे मोर्चे के दल ऐसे नेताओं पर दांव लगा चुके हैं। इनमें से कई विधानसभा चुनाव में सफल भी रहे हैं।