अलवर

कांग्रेस व भाजपा स्टार प्रचारकों से कैसे जमाएंगे चुनावी फि​ल्डिंग

विधानसभा चुनाव प्रचार परवान चढ़ने के साथ ही कांग्रेस व भाजपा अपने स्टार प्रचारकों के दौरों से चुनावी फिल्डिंग जमाने में जुट गए हैँ। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे, राहुल व प्रियंका समेत मुख्यमंत्री गहलोत व पायलट के दौरों पर नजर टिकी है, वहीं भाजपा गृहमंत्री अमित शाह, वसुंधरा, शेखावत, मेघवाल, किरोड़ी के दौरे करा चुनावी माहौल बनाने के प्रयास में जुटी है।

2 min read
Nov 15, 2023
कांग्रेस व भाजपा स्टार प्रचारकों से कैसे जमाएंगे चुनावी फि​ल्डिंग

विधानसभा चुनाव में प्रमुख दल अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए अपने स्टार प्रचारकों के दौरों के इंतजार में हैं। कांग्रेस व भाजपा के स्थानीय पदाधिकारियों ने अपने- अपने चुनाव रणनीतिकारों से स्टार प्रचारकों की अलवर जिले की विभिन्न सीटों पर जनसभा व रोड शो आदि कराने के प्रस्ताव भिजवाए हैं। हालांकि अभी तक दोनों ही पार्टियों के बड़े नेताओं के एक- एक कार्यक्रम तय हो पाए हैं।
कांग्रेस को राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी नेता राहुल गांधी व प्रियंका गांधी समेत मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, सचिन पायलट के कार्यक्रम जल्द मिलने की उम्मीद है। वहीं भाजपा को गृहमंत्री अमित शाह, केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, अर्जुन मेघवाल, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे व राज्य सभा सांसद डॉ. किरोड़ीलाल मीणा के दौरे मिलने की उम्मीद है।

केन्द्रीय मंत्री शेखावत आज थानागाजी आएंगे

भाजपा के स्टार प्रचारकों में शामिल केन्द्रीय जल संसाधन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत गुरुवार को थानागाजी आएंगे। वे यहां भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में सभा करेंगे। बाद में बानसूर भी निजी कार्यक्रम में शामिल होने जाएंगे। भाजपा में अभी अन्य किसी नेता का कार्यक्रम तय नहीं हो पाया है। वैसे आगामी 20 नवम्बर को केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के अलवर में रोड शो की तिथि जल्द मिलने की चर्चा है।

खरगे, गहलोत 18 को तिजारा आएंगे

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट, राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र सिंह 18 नवम्बर को तिजारा में कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में सभा करेंगे। हालांकि कांग्रेस में भी अभी पार्टी नेता राहुल गांधी व प्रियंका गांधी समेत अन्य स्टार प्रचारकों के कार्यक्रम तय नहीं हो पाए हैं।

जातीय समीकरण साधने को बड़े नेताओं की मांग

विधानसभा चुनाव में भले ही नेता जातिवाद से दूर रहने के दावे करते हो, लेकिन विधानसभा क्षेत्रों में जातीय समीकरण साधने के लिए अपने- अपने दलों के जातीय नेताओं के दौरे तय कराने की मांग कर रहे हैं। विधानसभा क्षेत्रों में जातीय समीकरण अलग- अलग होने के कारण प्रत्याशी भी स्थानीय मांग के अनुसार ही जातीय नेताओं के दौरे कराने के प्रयास में जुटे हैं।

Published on:
15 Nov 2023 10:44 pm
Also Read
View All

अगली खबर