
विश्व हिंदू परिषद के गोरक्षा विभाग से जुड़े हैं रकबर हत्या प्रकरण के आरोपी धर्मेन्द्र व परमजीत, यहां हो रही पुष्टि
ललावंडी प्रकरण में गिरफ्तार आरोपित धर्मेन्द्र यादव व परमजीत विश्व हिन्दू परिषद के गोरक्षा विभाग से जुडे हुए है। इसकी पुष्टि धर्मेन्द्र यादव की ओर से सोशल मीडिया पर डाली गई एक पोस्ट से हो रही है। इस पोस्ट में एक भगवा रैली का पोस्टर डाला हुआ है, जिसमें धर्मेन्द्र व परमजीत को गोरक्षा विभाग से जुड़ा होना दर्शाया गया है। पोस्टर पर नवल किशोर का भी फोटो है।
दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ हो कार्रवाई अन्यथा आन्दोलन
उधर, जिला कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष जमशेद खां ने रकबर उर्फ अकबर हत्याकांड में दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई व अकबर से मारपीट करने वाले तथाकथित गोरक्षकों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो आन्दोलन किया जाएगा। जन आवाज मंच अलवर ने भी गोतस्करी के बहाने मानव हत्या की निंदा करते हुए दोषियों को फांसी व पुलिस स्टाफ को बर्खास्त करने की मांग की है। मंच के प्रो. जीडी मीणा ने मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता भी दिलाए जाने की मांग की।
आज कलक्टर को ज्ञापन, कल रामगढ़ थाने का घेराव
मेव पंचायत की बैठक रविवार को मेव बोर्डिंग में हुई। बैठक में रामगढ़ में युवक की मौत के मामले में सोमवार को प्रात: 11 बजे जिला कलक्टर को ज्ञापन देने का फैसला किया गया। मेव बोर्डिंग के संरक्षक शेर मोहम्मद ने बताया कि मामले के दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने एवं युवक की पिटाई करने वाले कथित गोरक्षकों की गिरफ्तारी नहीं होने पर मंगलवार को रामगढ़ थाने का घेराव किया जाएगा।
जांच चल रही है
ललावंडी प्रकरण की जांच चल रही है। मामले में अब तक तीन जनों को गिरफ्तार किया गया है। मामले की जंाच सीओ दक्षिण अनिल बेनिवाल कर रहे हैं। आरोपित की पुलिस कस्टडी में मौत के भी आरोप लग रहे हैं। इसे लेकर क्राइम एण्ड विजिलेंस जयपुर के एएसपी को जांच सौंपी गई है।
राजेन्द्र सिंह, जिला पुलिस अधीक्षक अलवर
Updated on:
23 Jul 2018, 9:55 AM IST
Published on:
23 Jul 2018, 9:55 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.