
साइबर अपराध
अलवर जिले में 'साइबर संग्राम 3.0' विशेष अभियान शुरू किया गया है। इसका उद्देश्य साइबर अपराधों की रोकथाम, प्रकरणों का त्वरित निस्तारण, साइबर अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई तथा आमजन में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
एसपी सुधीर चौधरी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत प्रत्येक थाने में साइबर अपराध करने वाले व्यक्तियों की पहचान कर टॉप-10 साइबर अपराधियों की सूची तैयार की जाएगी। इनके विरुद्ध आइटी एक्ट एवं बीएनएस की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई होगी। अपराध से अर्जित संपत्ति पर 107 बीएनएसएस के तहत कुर्की-जब्ती, सरकारी भूमि पर अतिक्रमण मिलने पर प्रशासन के सहयोग से हटाने के साथ ही नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
ई-मित्र एवं पीओएस एजेंटों को एसओपी की पालना कराने, संदिग्ध लेन-देन की सूचना पुलिस को देने तथा साइबर हॉट स्पॉट क्षेत्रों में बाहरी राज्यों की सिम के दुरुपयोग पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। अन्य राज्यों के वांछित साइबर अपराधियों को दस्तयाब कर संबंधित पुलिस को सुपुर्द किया जाएगा। इसके अलावा साइबर हॉट स्पॉट क्षेत्रों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम, प्रिंट मीडिया और पंपलेट्स के माध्यम से साइबर अपराधों से बचाव का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। साइबर फ्रॉड करने वालों के संबंध में गोपनीय सूचना देने के लिए वाट्सऐप नंबर 8764502201 जारी किया गया है। साइबर ठगी होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930, cybercrime.gov.in, 8764874306 अथवा संबंधित थाने में शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
जिला पुलिस के समग्र अभियान सुरक्षित अलवर के तहत शुक्रवार को स्कीम नंबर-8 स्थित एक निजी स्कूल में साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों और नशा मुक्ति विषय पर जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 300 छात्र-छात्राओं को विभिन्न सुरक्षा उपायों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया। अभियान 17 अगस्त तक अलवर शहर के विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं कोचिंग संस्थानों में चलाया जाएगा। एएसपी (मुख्यालय) डॉ. दीपक कुमार के निर्देशन में युवाओं को नशे से दूर रहने के साथ ही सड़क सुरक्षा के प्रति जागरुक किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी से बचने, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने तथा साइबर अपराधियों के झांसे में नहीं आने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही साइबर अपराध होने पर 1930 हेल्पलाइन, cybercrime.gov.in, अलवर के हेल्पलाइन नंबर 8764874306 अथवा संबंधित थाने में तत्काल शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।
Updated on:
18 Jul 2026 04:47 pm
Published on:
18 Jul 2026 04:47 pm
