अलवर. शहर में आमजन पेयजल समस्या से त्रस्त है। ऐसे में आक्रोशित लोग आए दिन सडक़ जाम कर प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं, शनिवार को संजय कॉलोनी की महिलाओं ने गौरी देवी राजकीय महिला महाविद्यालय के समीप जाम लगा दिया। करीब 1 घंटे के जाम के दौरान वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे वाहन चालक दूसरे रास्तों से अपने गंतव्यों के लिए रवाना हुए। इस बीच रोडवेज बस के जाम में फंसने से सवारियों को तेज धूप में काफी परेशान होना पड़ा। इस दौरान कुछ वाहन चालक व जाम लगा रही महिलाएं आपस में उलझते भी नजर आए। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जाम लगा रही महिलाओं से समझाइश की कौशिश की, लेकिन महिलाएं जलदाय विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ी रही। बाद में जलदाय विभाग के अधिकारियों के आश्वासन पर जाम खोला गया। जाम लगा रही महिलाओं ने बताया कि उनके घरों में 4 दिन में एक दिन पानी आता है, वह भी कुछ ही देर के लिए। ऐसे में उन्हें पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। इस संबंध में जलदाय विभाग के अधिकारियों को अवगत कराने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।