अंजू का कहना है कि जल्द ही नसरुल्लाह के साथ भारत आएंगी और फिर उन्हीं के साथ वापस लौट जाएंगी
अलवर। अलवर जिले के भिवाड़ी की अंजू अपने फेसबुक फ्रेंड नसरुल्लाह से निकाह करने के बाद पाकिस्तान की वादियों में घूम रही हैं। बीते 14 अगस्त को ही अंजू ने केक काटकर पाकिस्तानी स्वतंत्रता दिवस का जश्न भी मनाया था। फिलहाल अंजू अपने पति के साथ पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में हैं। इस बीच एक ब्लॉगर को दिए इंटरव्यू में अंजू ने भारत देश को अपनी मां बताया और कहा कि मैंने वहां जन्म लिया है। मैंने अपने देश के साथ कोई गद्दारी नहीं की है। इस बीच अंजू ने पाकिस्तान के लोगों की भी तारीफ की और कहा कि यहां का माहौल काफी पॉजिटिव है।
अंजू का कहना है कि जल्द ही नसरुल्लाह के साथ भारत आएंगी और फिर उन्हीं के साथ वापस लौट जाएंगी। हालांकि अंजू अपने बच्चों या फिर पति से मिलेंगे या नहीं, इस पर उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। अंजू का कहना है कि पाकिस्तान के लोग बहुत अच्छे हैं। मैं सभी से कहना चाहती हूं कि वह मेरे बारे में सकारात्मक सोचें और आधारहीन बातें बंद करें। इंटरव्यू के दौरान अंजू ने कहा कि मैं भारत की दुश्मन नहीं हूं, मैं भी इंसान हूं और मुझे भी जीने का हक है। इसलिए मुझे गद्दार कहना बंद करें। पहले भारत और पाकिस्तान एक ही थे, एक ही जमीन थी फिर इंसानों ने ही बाद में बॉर्डर बनाए। लोगों ने बहुत नफरत की है। जंग लड़ी और अब यहां प्यार मोहब्बत से रहना चाहिए।
आपको बता दें कि दो बच्चों की मां अंजू भारतीय नागरिक हैं। उनकी सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी युवक नसरुल्लाह से दोस्ती हुई, जो कि धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। इसके बाद अंजू ने नसरुल्लाह के साथ जिंदगी बिताने का फैसला किया और 22 जुलाई को वाघा बॉर्डर के जरिए पाकिस्तान पहुंच गईं। अंजू ने पाकिस्तान के लिए 1 महीने का वीजा लिया था। इसके बाद अंजू और नसरुल्लाह ने निकाह कर लिया। निकाह के बाद दोनों ने सोशल मीडिया पर वीडियो भी शेयर किया, जो कि जल्द ही वायरल हो गया। पिछले हफ्ते पाकिस्तानी अधिकारियों ने उनके वीजा को एक साल के लिए बढ़ा दिया है। ऐसे में उसके जल्द भारत वापस आने की उम्मीद कम ही लग रही है।