भर्तृहरि धाम जा रहे थे पदयात्री
अलवर/राजगढ़. भिवाड़ी-करौली नेशनल हाइवे पर मुरलीपुरा गांव के पास भर्तृहरि धाम जा रहे पदयात्रियों पर बड़ी मधुमक्खियों के छत्ते का कुछ हिस्सा गिर गया। मधुमक्खियों के हमले में करीब चालीस पदयात्री घायल हो गए। चार पदयात्रियों को गंभीर हालत में राजगढ़ के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य घायल पद यात्रियों का कोठीनारायणपुर बायपास स्थित एक निजी क्लीनिक पर उपचार कराया गया। छत्ता गिरने के दौरान पदयात्रियों में भगदड़ मच गई। पदयात्रा में करीब एक सौ महिला-पुरुष व बच्चे थे शामिल थे।
अलेई ग्राम पंचायत के सरपंच राजेश कुमार मीणा ने बताया कि दौसा जिले के मंडावर से पदयात्रियों का एक दल भर्तृहरि धाम के लिए जा रहा था। इसी दौरान माचाड़ी-कोठीनारायणपुर मार्ग के मध्य मुरलीपुरा गांव के पास पीपल के पेड़ पर लगे बड़ी मधुमक्खियों के छत्ते का कुछ हिस्सा टूटकर आ गिरा। इससे पदयात्रियों में भगदड़ मच गई और मधुमक्खियों के हमले से करीब चालीस महिला-पुरुष व बच्चे घायल हो गए।
चार गंभीर घायल, राजगढ़ में भर्ती
मधुमक्खियों के हमले से मण्डावर निवासी पदयात्री बुधाराम सैनी, रमन मीना, मनीष सैनी एवं बहडक़ो गांव निवासी नीलम सैनी गम्भीर घायल हो गई, जिन्हें राजगढ़ चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। अन्य घायल त्रिलोक सैनी, महावीर सैनी, जगमोहन सैनी, छोटे लाल प्रजापत, निशू सैनी, महेश चंद सैनी, रीमा सैनी, अभिषेक सैनी, शेखर सैनी,पप्पूराम प्रजापत, हीरालाल सैनी आदि का कोठीनारायणपुर बायपास स्थित निजी क्लीनिक पर प्राथमिक उपचार कराया गया।