अलवर. भारतीय जनता पार्टी की परिवर्तन संकल्प यात्रा 19 सितम्बर को अलवर आएगी। यह यात्रा बानसूर से जिले में प्रवेश करेगी। इसके बाद 22 सितम्बर तक अलवर में रहेगी। इस दौरान जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाएं व स्वागत कार्यकम आयोजित होंगे। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय व प्रदेश स्तरीय नेता शामिल होंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता व उम्मेद भाया ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में बताया कि यह यात्रा गोगामेड़ी से शुरू हुई है, जो 19 सितम्बर को शाम साढ़े छह बजे बानसूर में प्रवेश करेगी। यहां बुटेरी टोल पर इसका स्वागत होगा। इसके बाद बानसूर में जनसभा के बाद यात्रा रात्रि में यहीं विश्राम करेगी। इसके अगले दिन 20 सितंबर को दोपहर 12 बजे यह यात्रा नारायणपुर पहुंचेगी। यहां से घाटा बांदरोल होते हुए थानागाजी आएगी। यहां स्वागत व जनसभा का आयोजन होगा। इसके बाद दोपहर डेढ़ बजे भर्तृहरि तिराहा होते हुए नटनी का बारां पहुंचेगी। इसके बाद दोपहर 3 बजे मालाखेड़ा पहुंचेगी। इस बीच कई स्थानों पर यात्रा का स्वागत होगा। इसके बाद यात्रा राजगढ़ होते हुए पिनान पहुंचेगी। यहां जनसभा के बाद यात्रा रात्रि विश्राम करेगी।