पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार शुक्रवार को धुलंडी के दिन दोपहर करीब दो बजे नवीन अपने भाई दिलीप एवं अन्य के साथ घर के समीप बज रहे डीजे के पास खड़ा था। आरोप है कि इसी दौरान गांव के ही बंडल गुर्जर ने वहां आकर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए डीजे को बंद करने को कहा। इस दौरान आपस में मारपीट भी हुई। इसके बाद नवीन अपने भाई दिलीप एवं अन्य के साथ दोपहर करीब 2.30 पर गांव के समीप बने फ्लैटों के पास खेलने चला गया। आरोप है कि यहां पर बाइक एवं कार में सवार होकर आए बंडल गुर्जर एवं साथियों ने उन पर हमला कर दिया। हमले की सूचना पाकर उनका मंझला भाई संजीव भी मौके पर पहुंचा तो उस पर भी डंडों से वार किया। हमले में नवीन गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन नवीन को पास की सीएचसी लेकर गए, लेकिन यहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन नवीन को अन्य तीन निजी अस्पतालों में भी लेकर गए, लेकिन नवीन की पहले ही मौत हो चुकी थी। हमले में मृतक नवीन के भाई दिलीप एवं संजीव को भी चोटें आई हैं। वहीं, एक अन्य युवक अजय भी घायल है। मृतक के पिता बाबूलाल की शिकायत पर पुलिस ने भिवाड़ी के बण्डल गुर्जर, विक्की गुर्जर, गोलू गुर्जर, मोंटी पंडित, जयपाल गुर्जर, रोहित नाई एवं अन्य के खिलाफ हत्या व थ्री एससी/एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।