
अलवर. राज्य में सरकार बदलने के साथ प्रदेश की नौकरशाही में लगातार बदलाव किया जा रहा है। राज्य में हुए तबादलों मे कलक्टर पति-पत्नी को राजस्थान के दो सबसे संवेदनशील जिलों की कमान सौंपी गई है। इन तबादलों में अलवर जिला कलक्टर इंद्रजीत सिंह को बनाया गया है, वहीं उनकी पत्नी नेहा गिरी को धौलपुर जिले की कमान सौंपी गई है। इन दोनों को जिन जिलों की कमान सौंपी गई है, वे प्रदेश में सबसे संवेदनशील जिलों में शीर्ष पर आते हैं। अलवर हरियाणा की सीमा से जुड़ा है तो यहां अपराध के मामले अधिक हैं। वर्ष 2018 में अलवर अपराध के मामले में देशभर में छाया रहा। ऐसे में अब नए कलक्टर इंद्रजीत सिंह के लिए अलवर जिला चुनौती साबित हो सकता है। कलक्टर सिंह कह चुके हैं कि अलवर जिला संवेदनशील है, इसलिए वे यहां कानून व्यवस्था व गुड गर्वनेंस पर जोर देंगे।
वहीं कलक्टर इंद्रजीत सिंह की पत्नी नेहा गिरी को धौलपुर कलक्टर नियुक्त किया गया है। प्रदेश में धौलपुर भी अपराध के मामले में अव्वल है। यहां चंबल के बीहड़ों में अपराधी तो हैं ही, इसके साथ अब धौलपुर शहर में भी लूट और हत्या की घटनाएं आम हैं। धौलपुर की सीमा यूपी और मध्य प्रदेश के साथ जुड़ी हुई है, ऐसे में यहां कलक्टर नेहा गिरी के सामने भी कानून व्यवस्था सबसे बड़ी चुनौती होगी।
दोनों 2010 बैच के आइएएस
अलवर के नव नियुक्त जिला कलक्टर इंद्रजीत सिंह व उनकी पत्नी नेहा गिरी दोनों 2010 बैच के आइएएस ऑफिसर हैं। इंद्रजीत सिंह जहां पंजाब के गुरदासपुर के रहने वाले हैं तो वहीं उनकी पत्नी नेहा गिरी उत्तर प्रदेश से हैं।
दो-दो जिलों के कलक्टर रह चुके हैं पति-पत्नी
कलक्टर पति-पत्नी दो-दो जिलों के कलक्टर रह चुके हैं। इंद्रजीत सिंह अलवर से पहले डूंगरपुर व चित्तोडगढ़़ के जिला कलक्टर रह चुके हैं। उनकी पत्नी नेहा गिरी बूंदी तथा प्रतापगढ़ की जिला कलक्टर रही हैं। नेहा फिलहाल पदस्थापन की प्रतीक्षा में चल रही थी। अब इन्हें धौलपुर का कलक्टर बनाया गया है।
Updated on:
27 Dec 2018 11:22 am
Published on:
27 Dec 2018 10:14 am
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
