
यहां आधार कार्ड बनाने में हो रहा था बड़ा घपला, टीम ने किया निरीक्षण तो सामने आया बड़ा खेल
किशनगढ़बास. आधार कार्ड बनाने की प्रक्रिया में परेशानियों की मिली शिकायतों को लेकर आईटी सैल की टीम ने कस्बे के कई ई-मित्र केन्द्रों सहित डाकघर में आधार कार्ड बनाने की प्रक्रिया का निरीक्षण किया।
टीम के सदस्यों ने आम नागरिक बनकर आधार कार्ड बनवाने के लिए कर्मचारी से आग्रह किया तो कर्मचारी की व्यवहार शैली में राठौड़ी से भरे शब्दों को सुनकर टीम के सदस्य हक्के-बक्के रह गए। राजस्थान पत्रिका में 26 जुलाई के अंक में ‘डाकघर में आधार कार्ड बनाने के लिए दी जा रही है तारीख’ शीर्षक से प्रकाशित खबर के बाद उपखण्ड प्रशासन व संबंधित विभाग ने इस मामले को गम्भीरता से लिया और जांच के लिए डाकघर पहुंचकर टीम ने लिया स्थिति का जायजा।
टीम को भी कर्मचारी ने कह दिया जाने को
जांच के लिए आईटी सैल की टीम में आईटी सैल किशनगढ़बास के प्रोग्रामर शेरसिंह यादव व आईटी सैल किशनगढ़बास के सूचना सहायक प्रदीप कुमार मीणा कस्बे के डाकघर में पहुंचे और स्थिति का अवलोकन किया। जिसमें ढेरों अनियमितताएं देखने को मिली। डाकघर केन्द्र पर आधार कार्ड बनवाने के लिए लोगों को तीन-तीन बार आना पड़ रहा है। जब टीम के सदस्य शेरसिंह यादव ने अपना आधार कार्ड बनवाने का आग्रह किया तो डाकघर कर्मचारी सुनील कुमार ने कहा कि आपको सोमवार को आना पड़ेगा। तब आपका टोकन जारी होगा। उसमें तारीख दी जाएगी की आपको आधार बनवाने कब आना है। साथ ही आधार कार्ड बनाने का शुल्क भी पचास रुपए बताया जबकि निर्धारित शुल्क 25 रू है। जब टीम ने खुद को आईटी विभाग की टीम का सदस्य होना बताया तो कर्मचारी ने तवज्जों ना देकर राठौडी वाले अंदाज में जाने के लिए कह दिया। वहां पर टीम को निर्धारित शुल्क की सूची भी लगी हुई नहीं मिली।
टीम से लोगों ने की शिकायत
आधार कार्ड बनवाने के लिए आए ग्राम धमूकड़ निवासी उमरदीन खान ने बताया कि वह अपने लडक़े रफीक का आधार कार्ड बनवाने के लिए करीब एक माह से डाकखाने के चक्कर लगा रहा है। ग्राम चामरोदा निवासी असलम, नागल मोहम्मदपुर निवासी चुन्नी देवी, चामरोदा निवासी मेजर, खानपुर निवासी सेनिया, बम्बोरा निवासी तुलेराम सहित कई लोगों ने बताया कि वह कई दिनों से आधार बनवाने के लिए डाकघर के चक्कर लगा रहे है। आईटी सैल किशनगढ़बास के टीम सदस्य प्रोग्रामर शेरसिंह यादव व सूचना सहायक प्रदीप कुमार मीणा ने बताया कि जांच रिपोर्ट बनाकर उच्च अधिकारियों को भेजकर कार्यशैली से अवगत कराया जाएगा।
आईटी केन्द्र में ही लगनी चाहिए आधार कार्ड बनाने की मशीन
डाकघर में जगह सकरी जगह होने के कारण आधार कार्ड बनाने की मशीन को कस्बे के अटल सेवा केन्द्र स्थित आईटी सैल के ऑफिस में ही लगाना चाहिए। वहां पर लोगों को बैठने की व्यवस्था भी मिलेगी और आईटी केन्द्र का फायदा भी मिलेगा। वहां पर कर्मचारी भी इस कार्य को बखूबी कर सकते है, जबकि डाकघर में आधार कार्ड बनाने की वजह से अन्य कार्यो में दिक्कत का सामना करना पड रहा है।
&डाकघर में कर्मचारी कम होने की वजह से परेशानी होती है। साथ ही डाकघर परिसर में जगह भी कम है इसलिए लोगों की भीड़ एकत्रित हो जाती है। जिसके लिए कर्मचारी की ओर से तारीख देनी पडती है। निर्धारित शुल्क सूची भी जल्द ही लगा दी जाएगी।
पतराम, उप डाकपाल किशनगढ़बास
Published on:
28 Jul 2018 11:49 am
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
