
जिन विद्यालयों का परीक्षा परिणाम रहा कम, वहां पर लगाए मेंटर
प्रदेश और जिले के सरकारी स्कूलों में पढ़ाई करने वाले कक्षा 10 और कक्षा 12 के विद्यार्थियों का बोर्ड परिणाम बेहतर करने के लिए अब जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) जुट गया है। व्याख्याता और वरिष्ठ व्याख्याता लगाए जाएंगे।
गत सत्र 2022-2023 में अलवर जिले के जिन सरकारी स्कूलों का कक्षा 10 और कक्षा 12 बोर्ड की परीक्षाओं का परिणाम निर्धारित मापदंड से कम रहा है, उन सरकारी स्कूलों के परीक्षा परिणाम को सुधारने के लिए शिक्षा विभाग ने यह पहल की है। इसमें जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) के व्याख्याताओं को मेंटर फैकल्टी के रूप में नियुक्त किया गया है। राज्यभर में 26 डाइट के 125 व्याख्याताओं को परीक्षा परिणाम सुधारने के लिए स्कूल आवंटन किए गए हैं। वहीं, डाइट व्याख्याताओं को मापदंड से कम वाले स्कूलों में एक माह में कम से कम एक बार निरीक्षण करना होगा। अलवर जिले में चार व्याख्याता मेंटर फैकल्टी के रूप में नियुक्त किया गया है।
मापदंड में चार स्कूलों का परिणाम 20 फीसदी : अलवर जिले में चार सरकारी स्कूल ऐसे हैं, जिनका सत्र 2022-2023 में परीक्षा परिणाम 20 फीसदी तक रहा है। ये स्कूल परिणाम के मापदंड में फेल हैं। ऐसे स्कूलों के लिए विभाग ने कारण बताओ नोटिस भी जारी किया है। हालांकि ऐसे स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई में कोई कंजूसी नहीं हो, इसके लिए प्रयास हो रहे हैं। परिणाम इससे बेहतर आएंगे।
बोर्ड परीक्षा परिणाम का यह है मापदंड
राज्य में शिक्षा विभाग की ओर से न्यूनतम परीक्षा परिणाम को लेकर एक मापदंड निर्धारित कर रखा है। इसमें व्याख्याताओं के लिए कक्षा 12 में अपने विषय में परिणाम 70 फीसदी कम रहने और कक्षा 10 का परिणाम भी 60 फीसदी या उससे कम रहने पर विभाग की ओर से कारण बताओ नोटिस जारी किया जाता है। अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी मुकेश किराड़ ने बताया कि संस्था प्रधान के लिए कक्षा 10 का परिणाम 50 फीसदी या उससे कम रहने पर व कक्षा 12 का परीक्षा परिणाम 60 फीसदी या उससे कम रहने पर संस्था प्रधान को नोटिस दिया जाता है।
बोर्ड का परिणाम सुधारने के लिए शिक्षा विभाग हर संभव प्रयास कर रहा है। जिन स्कूलों का गत परिणाम कम रहा है, उन स्कूलों के निरीक्षण के लिए डाइट के चार व्याख्याताओं को लगाया गया है। जो इन स्कूलों पर नजर रखेंगे।
रामेश्वर दयाल मीणा, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, अलवर
Published on:
02 Dec 2023 11:28 am
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
