शहर के जयपुर रोड स्थित एक मैरिज होम में बुधवार देर शाम दुल्हन की जहर खाने से हुई मौत के मामले में गुरुवार को नया मोड़ आ गया। मृतका के पिता ने अपने ही गांव के एक नामजद सहित चार-पांच युवकों के खिलाफ जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने प्रथम दृष्टया युवती की मौत जहर से होने की आशंका जताई है।
अरावली विहार थानाधिकारी पवन चौबे ने बताया कि लक्ष्मणगढ़ थाना इलाके बिचगांवा निवासी सतीश चंद जैन पुत्र गोङ्क्षवद सहाय जैन ने गुरुवार को रिपोर्ट दी कि उनकी पुत्री सलोनी जैन की बुधवार को अलवर शहर के जयपुर रोड स्थित एक मैरिज होम में शादी थी। बुधवार शाम को परिवार के सभी लोग शादी की तैयारियों में लगे हुए थे। उनकी बेटी सलोनी कमरे में थी। सलोनी के पास उसकी ताईजी अनिता बैठी हुई थी। इसी दौरान बिचगांवा निवासी युवक कृष्ण पुत्र लक्ष्मीनारायण कोली अपने तीन-चार साथियों के साथ आया और सलोनी के कमरे में घुस गया। वहां आरोपियों ने अनिता को बंदूक दिखाकर कमरे से बाहर भगा दिया। पीछे से उनकी पुत्री सलोनी को जबरदस्ती जहर पिला दिया। अनिता ने बाहर आकर परिजनों को घटना के बारे में बताया। परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो सलोनी कमरे में अचेत पड़ी हुई थी। उन्होंने आरोपी कृष्ण और उसके साथियों को पकडऩे का प्रयास किया, लेकिन वे भाग गए। आरोपी कृष्ण और उसके साथियों ने जबरदस्ती जहर देकर उसकी पुत्री सलोनी की हत्या की है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
गांव में भी परेशान करता था कृष्ण
पिता सतीश चंद जैन ने एफआइआर में बताया है कि उसकी पुत्री सलोनी को गांव में भी आरोपी युवक कृष्ण रास्ते में रोककर परेशान करता था। शादी वाले दिन कृष्ण अपने तीन-चार अन्य साथियों के साथ मैरिज होम में आया और उसकी बेटी की हत्या कर दी।
घर से बेटी की डोली की जगह उठी अर्थी
पुलिस ने मृतका दुल्हन सलोनी का गुरुवार को राजीव गांधी सामान्य अस्पताल में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। परिजन शव को लेकर गांव रवाना हो गए। सतीश चंद जैन की इकलौती बेटी सलोनी की गुरुवार को डोली विदा होनी थी, लेकिन नीयति को कुछ और ही मंजूर था। घर से बेटी की डोली की जगह अर्थी उठी तो पूरे परिवार और गांव में कोहराम मच गया। बेटी की अर्थी को देख हर किसी की आंखों से आंसू छलक उठे।
सुलगते सवाल… आखिर कहां से आया जहर
पायल गार्डन मैरिज होम में बुधवार देर शाम फेरों से चंद घंटे पहले दुल्हन सलोनी की जहर खाने से मौत हो गई थी। प्रथम ²ष्टया पुलिस इसे प्रेम-प्रसंग के चलते आत्महत्या मान रही थी। अगले दिन दुल्हन के पिता ने कुछ युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया दिया। घटना को लेकर कई तरह के सवाल सुलग रहे हैं। जिसमें सबसे महत्वपूर्ण सवाल यह है कि आखिर दुल्हन के पास जहर कहां से आया। इस बारे में पुलिस भी स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रही है।