
हादसे में क्षतिग्रस्त कार। फोटो: पत्रिका
Road Accident In Neemrana: राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले में नेशनल हाईवे-48 पर हुए भीषण सड़क हादसे में 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा शुक्रवार तड़के 3 बजे नीमराना पुलिस थाने के पास हुआ। जहां एक तेज रफ्तार कार हाईवे पर खड़े ट्रेलर में जा घुसी। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार का आगे का हिस्सा बुरी तरह चकनाचूर हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही नीमराना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इससे पहले ही तीन लोगों ने दम तोड़ दिया। मरने वालों में 2 लोग हरियाणा के और एक उत्तर प्रदेश का रहने वाला था। हादसे में एक युवक गंभीर घायल हो गया। जिसे गुरुग्राम के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक हादसे के वक्त कार में चार लोग सवार थे, जो खाटूधाम में बाबा श्याम के दर्शन कर वापस गुरुग्राम के खांडसा लौट रहे थे। तभी नीमराना थाने के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में घुस गई। पीछे से मारुति गाड़ी ने टक्कर मार दी।
भीषण सड़क हादसे में सतीश गौड़ पुत्र सुरेंद्र शर्मा निवासी खांडसा गुरुग्राम, अंकुश सिंह पुत्र सुरेंद्र कुमार निवासी सहारनपुर उत्तर प्रदेश और गुरमीत सिंह पुत्र करतार सिंह निवासी अंबाला की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, वीरेंद्र शर्मा पुत्र ज्ञानचंद शर्मा निवासी खांडसा गुरुग्राम गंभीर घायल हो गया। जिसका गुरुग्राम के अस्पताल में इलाज जारी है। सभी मृतकों के शवों को नीमराना सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम होगा।
हादसा इतना जबर्दस्त था कि कार ट्रेलर में बुरी तरह फंस गई और कार का आगे हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे के बाद हाईवे पर आधे घंटे तक लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रेलर में फंसी कार को निकाला। पुलिस ने दोनों वाहनों को एक साइड कराकर यातायात चालू करवाया।
Updated on:
6 Jun 2025, 5:57 PM IST
Published on:
6 Jun 2025, 11:38 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.