
जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह किशनगढबास में हुआ, प्रतिभाएं सम्मानित
जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह किशनगढबास में हुआ, प्रतिभाएं सम्मानित
अलवर.
राजस्थान किसान आयोग के उपाध्यक्ष एवं किशनगढबास विधायक दीपचन्द खैरिया व जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने शिक्षक दिवस के अवसर पर किशनगढबास के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया।
राजस्थान किसान आयोग के उपाध्यक्ष एवं किशनगढबास विधायक खैरिया ने इस अवसर पर कहा कि राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की अहम भूमिका रहती है। राज्य सरकार शिक्षा को बढावा देने के प्रति प्रतिबद्ध है। इसके लिए एक ही फैसले के तहत सभी आठवीं कक्षा तक के स्कूलों को 12वीं तक का किया है। नए स्कूल खोले जा रहे है, शिक्षकों की भर्ती बडी संख्या में की गई है और प्रक्रियाधीन है।
जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने कहा कि शिक्षक वह व्यक्ति होता है जो अपने शिक्षण के माध्यम से बालकों को संस्कार देकर सुसभ्य एवं परिष्कृत व्यक्ति बनाता है। उन्होंने कहा कि शिक्षण को रूचिपूर्वक बनाने एवं विद्यालय प्रबंधन आदि में नवाचार करें। जिला प्रशासन शिक्षा विभाग को अपनी ओर से हर स्तर पर पूर्ण सहयोग प्रदान करेगा।
इनको किया सम्मानित
अतिथियों ने जिला स्तर पर शिक्षा के क्षेत्रा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले तीन शिक्षकों को सम्मानित किया गया जिनमें कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय मौजपुर की वरिष्ठ अध्यापक रजनीबाला शर्मा, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खानपुर जाट के अध्यापक मनोज कुमार कौशिक एवं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खेडली सैयद की व्याख्याता विजय लक्ष्मी को सम्मानित किया गया। इसी प्रकार तीन शिक्षकों को किशनगढ ब्लॉक में शिक्षा के क्षेत्रा में उत्कृष्ट कार्य करने पर ब्लॉक स्तरीय सम्मान से सम्मानित किया गया जिसमें राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय दौहडा के विशेष शिक्षक रविकान्त प्रजापत, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बासडा के प्रधानाध्यापक सूरत सिंह खैरिया एवं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय धमूकड के व्याख्याता सुमित कुमार जाट को सम्मानित किया गया।
इस दौरान किशनगढबास प्रधान बीपी सुमन, नगर पालिका के चैयरमेन तारामणी सिंघल, एडीएम शहर ओमप्रकाश सहारण, सीडीईओ पूनम गोयल, डीईओ प्रारम्भिक नेकीराम, उपखण्ड अधिकारी किशनगढबास गंगाधर मीणा सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं बडी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
---------------
Updated on:
5 Sep 2022, 10:02 PM IST
Published on:
5 Sep 2022, 10:02 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.