
Social media tools for criminals
सतपाल यादव. बहरोड़. अलवर.
अपराधियों के लिए क्षेत्र में खौफ फैलाने का सोशल मीडिया नया हथियार बन गया है। कई अपराधियों ने फेसबुक सहित सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ अपने फोटो अपलोड किए हुए हैं। इन पर खौफ भरे मैसेज भी लिखे हुए हैं। जिनके माध्यम से वे क्षेत्र में दहशत फैला रहे हैं।
उधर, अपराधियों के इस कृत्य से युवा दिग्भ्रमित हो रहे हैं। वे भी अपराधियों के नक्शे कदम पर चलकर अपराध की ओर अग्रसर हो रहे हैं। दरअसल, सोशल मीडिया पर खौफ फैलाने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती। इससे इनके हौंसले बुलन्द हैं। वहीं, दूसरी ओर सोशल मीडिया के माध्यम से इनका नाम व दहशत तेजी से क्षेत्र में फैल जाती है। एेसे में किसी को धमकाना, रुपए एंेठना इनके लिए आसान हो जाता है।
कई अपराधियों ने फोटो किए अपलोड
कई संगीन मामले के आरोपितों ने फेसबुक पर अवैध हथियारों के साथ अपने फोटो अपलोड किए हैं। इन फोटो के साथ लिखे स्टेटस में वे खुलेआम अपने दुश्मनों को चुनौती दे रहे हैं। इनके फेसबुक फ्रेण्ड्स की संख्या काफी है। वे उनके फोटो व स्टेटस पर कमेंट कर हौंसला अफजाई करते हैं। वहीं, कई आपराधिक प्रवृत्ति के युवकों ने महाकाल, शेरा सहित अन्य नामों से फेसबुक व व्हाट्सअप गु्रप बना रखे हैं। जिनमें वे समय-समय पर अपनी नई फोटो, वीडियो आदि अपलोड करते हैं। इनके अन्य साथी व सदस्य इन पर कमेन्ट करते हैं। ग्रुप्स में एक-दूसरे को वीडियो-फोटो आदि का आदान प्रदान भी होता है।
पुलिस ने किया गिरफ्तार तो खुले कई राज
पुलिस ने करीब एक साल पहले फेसबुक पर हथियारों के साथ फोटो अपलोड करने वाले ग्राम महाराजा वास के एक युवा को गिरफ्तार किया तो कई राज खुले। पुलिस ने युवा के कब्जे से अवैध कट्टा भी जब्त किया। खास बात ये भी है कि फेसबुक पर हथियारों के साथ अपने फोटो अपलोड करने वाले युवाओं के पास हथियार कहां से आ रहे हैं? पुलिस के लिए यह भी जांच का विषय है।
तीन दिन पहले भी वायरल हुआ धमकी भरा वीडियो
करीब तीन दिन पहले जैतारण (पाली) के एक पीजी कॉलेज के छात्र नेता के पक्ष में धमकी भरा वीडियो वायरल हुआ। इसे भेजने वाले युवक भी बहरोड़ के निकले। वीडियो में दो युवक जिनमेंं से एक ने अपने हाथ में पिस्टल ले रखी थी, बड़ी भद्दी भाषा में कह रहा है कि यदि किसी ने छात्र नेता की ओर आंख उठा कर भी देखा तो उसकी हत्या कर देंगे। सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियों से जैतारण में खलबली मच गई।
यदि किसी अपराधी ने फेसबुक अथवा व्हाट्सअप पर अपनी फोटो हथियारों के साथ डाली हुई है, तो यह अपराध है। आमजन को भी इसकी सूचना संबंधित थाना पुलिस को देनी चाहिए। पुलिस एेसे मामलों में अवश्य कार्रवाई करेगी।
राहुल प्रकाश, जिला पुलिस अधीक्षक, अलवर
Published on:
27 Aug 2017 06:26 am
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
