
दिन भर मतदाताओं से सीधा सम्पर्क, शाम से ही बाड़ेबंदी
.
अलवर जिले के सभी कस्बों में गुरुवार को छात्रसंघ चुनाव की रौनक दिखाई दी। इस दिन प्रत्याशियों ने अपने समर्थकों के साथ नाचते और गाते तो कहीं जोशीले नारे लगाते हुए वोट देने की अपील की।
अलवर जिला मुख्यालय पर प्रत्याशियों ने अपने कार्यालयों में दिन भर मतदाताओं को समीप ही किसी होटल या मैरिज होम में बाड़ेबंदी के लिए ले जाने की तैयारी चलती रही। कई कार्यालयों से ही मतदाताओं को कार , जीप व अन्य साधनों से बैठाकर बाडे़बंदी के लिए ले जाया गया। इस बार युवाओं में चुनावों को लेकर भारी उत्साह है। दो साल बाद चुनाव होने के कारण युवाओं में जोश है।
दिन भर किया सम्पर्क-
अलवर शहर सहित कई कस्बों में दिन भर युवा मतदाताओं से बाहर ले जाने के लिए सम्पर्क में लगे रहे। प्रत्याशियों व उनके समर्थकों ने अलवर शहर में कटी घाटी िस्थत मैरिज होम व होटलों तो किसी ने थानागाजी सहित सुदूर होटलों में रुकने का इंतजाम किया है। इसके लिए कई प्रत्याशियों ने कार और बड़े वाहनों को दोपहर में तैयार कर रखे थे जिनमें बैठाकर मतदाताओं को भेजा गया। इस बाड़ेबंदी में युवाओं के लिए मनोरंजन का पूरा इंतजाम किया गया था। कई होटलों व मैरिज होम पर युवा डीजे की धुन पर मजे से डांस कर रहे थे।
बसों से सीधे कॉलेज में लाएंगे-
इस बार चुनावों में बाड़ेबंदी के लिए युवाओं को बाहर ले जाया गया है। शुक्रवा र को सुबह मतदान शुरू होने के बाद वाहनों में बैठाकर मतदाताओं को लाया जाएगा। इसके लिए प्रत्याशियों के समर्थक दिन-रात मेहनत कर रहे हैं।
-------
कार्यालयों में चल रहे लंगर-
अलवर जिला मुख्यालय सहित कस्बों में चुनाव कार्यालयों में दोपहर व शाम को लंगर चल रहा था। कई जगह लडडू, पूरी और आलू की सब्जी तो कहीं चूरमा बनते हुए देखा गया। लड़कियां अपने प्रचार में कम पैसा खर्च कर रही हैं जो घर-घर जाकर वोट मांगने पर जोर दे रही हैं। इनके साथ संगठन के पदाधिकारी और परिवार के लोग भी प्रचार में लगे हैं।
-----------
142 मतदाता, अध्यक्ष पद पर चार प्रत्याशी-
अलवर.
राजर्षि भतृर्हरि मत्स्य विश्वविद्यालय में अध्यक्ष पद पर 4 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं जबकि यहां मतदाताओं की संख्या मात्र 142 है। मत्स्य विश्वविद्यालय में छात्र संख्या इतनी कम है कि किसी भी प्रतयाशी ने संगठन से टिकट ही नहीं मांगा।
यह माना जा रहा है कि 142 में से 110 से 120 ही वोट डल पाएंगे। इसमें किसी को 30 वोट से अधिक वोट मिलेंगे तो उसकी जीत की संभावना बताई जा रही है। यहां इस समय एक-एक वोट की कीमत मानी जा रही है।
Published on:
25 Aug 2022, 10:00 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.