3 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजस्थान सम्पर्क क्रांति एक्सप्रेस में महिला यात्री से 57 लाख रुपए के आभूषण चोरी के दो अभियुक्त पकड़े

बीकानेर-दिल्ली सराय रोहिल्ला राजस्थान सम्पर्क क्रांति एक्सप्रेस में महिला यात्री के पर्स से 57 लाख रुपए के आभूषण और 25 हजार रुपए नकदी मामले का रेलवे सुरक्षा बल रेवाड़ी और अपराध शाखा जयपुर की टीम ने खुलासा किया है।

2 min read
Google source verification

अलवर

image

Umesh Sharma

Apr 03, 2026

अलवर. बीकानेर-दिल्ली सराय रोहिल्ला राजस्थान सम्पर्क क्रांति एक्सप्रेस में महिला यात्री के पर्स से 57 लाख रुपए के आभूषण और 25 हजार रुपए नकदी मामले का रेलवे सुरक्षा बल रेवाड़ी और अपराध शाखा जयपुर की टीम ने खुलासा किया है। मामले में गोरिल्ला गैंग के दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से 30 लाख रुपए के आभूषण भी बरामद किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 25 फरवरी को ट्रेन के कोच सं. ए1 में अलवर में एक महिला यात्री के पर्स से ज्वेलरी व नकदी चोरी के संबंध में राजकीय रेल पुलिस थाना, दिल्ली सराय रोहिल्ला में जीरो नम्बर की एफआइआर दर्ज हुई थी। इसके बाद आरपीएफ, रेवाड़ी व सीआईबी, जयपुर की एक संयुक्त टीम का गठन मण्डल स्तर पर किया गया। इस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इन चोरों को पकड़ा है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार हुई पहचान
नोखा (बीकानेर मण्डल) से दिल्ली तक सभी रेलवे स्टेशनो के सीसीटीवी फुटेज का निरीक्षण करने के बाद रेवाड़ी स्टेशन के फुटेज में 02 संदिग्ध आरोपियों की फुटेज प्राप्त की, जिनकी पहचान रमेश त्यागी व प्रिंस पाल के रूप में हुई। इन दोनों के खिलाफ पहले से ही कई मामले दर्ज थे। इसके बाद टीम ने निगरानी करते हुए रमेश त्यागी उर्फ उमेश त्यागी (56) निवासी बिजनोर उत्तर प्रदेश और प्रिंस पाल उर्फ गोरिल्ला (28) पुत्र सतीश पाल निवासी बागपत उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है। जिस महिला के साथ चोरी की वारदात हुई, वह दिल्ली में रहती है।
यूं करते थे चोरी
अभियुक्तों से गहन पूछताछ से स्पष्ट हुआ कि आरोपी दिल्ली से शाम को रेलगाड़ी से बाहर जाते हैं और सुबह जल्दी आने वाली गाड़ियों में यात्रियों के नींद में होने का फायदा उठाकर महिला पर्स चोरी कर अपने साथ लिए पिट्ठू बैग में रख कर ले जाते हैं। खाली पर्स को दूसरी ट्रेन के डस्टबिन में डाल देते हैं। यह गैंग दिल्ली-अम्बाला, दिल्ली-मथुरा, दिल्ली-जयपुर, दिल्ली-रोहतक रेल लाइन पर सक्रिय है। इनसे पूछताछ की जा रही है कि गैंग में और कौन सदस्य हैं जो इस तरह की कार्रवाई कर रहे हैं। इनके बयानों के आधार पर सक्रिय चोर गिरोह के अन्य सदस्यों को भी पकड़ने की कार्रवाई की जाएगी।