अलवर

VIDEO: ढहलावास पुलिया पर डाला मलबा, कीचड़ में फंसे वाहन, लगा जाम

मालाखेड़ा में सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से ढहलावास पुलिया पर डाले गए मलबे में बारिश से कीचड़ हो गया। इसमें वैन व टेंपो फंस गए। इसके चलते यहां लंबा जाम लग गया।

2 min read
Jul 04, 2025

मालाखेड़ा में सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से ढहलावास पुलिया पर डाले गए मलबे में बारिश से कीचड़ हो गया। इसमें वैन व टेंपो फंस गए। इसके चलते यहां लंबा जाम लग गया। करीब आठ किमी में 18 गांव के लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने बताया कि किशनपुर गांव से पहाड़ी छिंड क्षेत्र में ढहलावास व गरवाजी तक सार्वजनिक निर्माण विभाग की सड़क जर्जर हो रही है। जो यहां से गुजरने वालों के लिए परेशानी का कारण बन रही है।

यहां दो दिन पहले सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से पुलिया पर मलबा डाला गया था। बारिश के बाद मलबे की जगह कीचड़ हो गई। किशनपुर बावड़ी से जोड़ने वाले सड़क मार्ग पर इस कीचड़ में टैंपो और वैन फंस गई। इसके चलते दोनों तरफ लंबा जाम लग गया। गांव ढहलावास, रोबाडा, बद्रीनगर, सिरावास, बखतपुरा, बिनक, डोबा, रिगसपुरी, मीणा की ढाणी, सकतपुरा, बावरी की ढाणी से चांद पहाड़ी शादी व अन्य कार्यक्रमों में जाने वाले लोगों के वाहन जाम में फंस गए। जहां उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मांग के बाद भी मरम्मत कार्य शुरू नहीं

सरपंच राम सिंह गुर्जर, शिवराज गुर्जर, देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष रहे रामजीलाल बैंसला, जिला पार्षद सुर्ज्ञानी मीणा, पूर्व पार्षद ओमप्रकाश गोलियां, पूर्व सरपंच नंदलाल गुर्जर, समाजसेवी प्रधान प्रेम पटेल, राजेश गुर्जर, कांग्रेस के पदाधिकारी निहाल सिंह गुर्जर ने बताया कि गुरुवार को शादी- विवाह व भात के कार्यक्रम थे। जहां पुलिया पर मलबे में वाहन फंसने से जाम लग गया।

इसके चलते कार्यक्रम में सही समय पर नहीं पहुंच सके। करीब 8 से 15 किलोमीटर की सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त है। गहरे गड्ढे बन गए हैं। भारतीय किसान यूनियन की ओर से गैर राजनीतिक धरना -प्रदर्शन में सड़क मरम्मत व नवीनीकरण की मांग की गई थी। लेकिन सार्वजनिक निर्माण विभाग अधिकारियों ने समय रहते कार्य शुरू नहीं किया। किशनपुर से आगे गांवों में पहुंचना मुश्किल काम हो गया है।

क्षेत्र के लोगों की समस्या को ध्यान में रखते हुए सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को इस संबंध में पत्र लिखेंगे और मौके पर सुरक्षित व्यवस्था के निर्देश भी दिए जाएंगे। - यशार्थ शेखर, उपखंड अधिकारी अलवर

Published on:
04 Jul 2025 12:44 pm
Also Read
View All

अगली खबर