
Conspiracy hatched three times in 9 months
अलवर.
शिवाजी पार्क क्षेत्र में हुए सामूहिक हत्याकांड की मुख्य मास्टर माइंड आरोपित संतोष ने अपने प्रेमी संग मिलकर इससे पहले तीन बार हत्या की साजिश रच चुकी थी।
पुलिस के सामने हुए बयानात में यह खुलासा हुआ है। नो महीने से हनुमान और संतोष इसकी साजिश बनाने में जुटे हुए थे। ये दोनो मिलकर बनवारी को एमआईए क्षेत्र में नौकरी पर जाते वक्त ट्रैक्टर या अन्य किसी वाहन से कुचलकर मरवाना चाहते थे। इसमें सफल नहीं होने पर उन्होंने हत्या के लिए बनवारी को जहर देने की साजिश रची थी। इसमें भी कामयाबी नहीं मिली। पुलिस को बताया गया है कि लगातार प्रयास करने के बावजूद भी जहर का प्रबंध नहीं हो पाया। इसके बाद अंतिम रूप से यह घिनोनी साजिश रची गई। इसके लिए बकायदा 20 सितम्बर को हनुमान ने अपने एक मित्र से नींद की गोलियों का प्रबंध करवाया। उसी दिन ये गोलियां संतोष को सौंपी गई।
हनुमान के कदम ठिठके तो संतोष ने कहा ये भी नहीं कर सकते तो मेरे लिए क्या करोगे?
पुलिस पड़ताल में सामने आया है कि हनुमान ने कत्ल तो किया है लेकिन हर बार उसके कदम ठिठकते रहे। देर रात जब वह घर पर आया तो उसने संतोष को कत्ल करने से मना कर दिया। वह बार-बार समझाता रहा। हालांकि वह तैयारी से आया था लेकिन अंदर आकर उसने विचार बदल दिया। संतोष ने जीरो वॉट का बल्ब जलाकर उसे सभी बच्चों सहित सोते हुए बनवारी को दिखाया। उसनके कहा सभी को खत्म करदो। उसने इनकार कर दिया। इस पर संतोष ने ताना कसा कि जब मेरे लिए ये भी नहीं कर सकते तो आगे क्या करोगे? वह लगातार उकसाती रही कि पहले सभी को मौत के घाट उतार दो।
सास ससुर और देवर को भी खत्म करने का था प्लान
संतोष का प्लान पूरे परिवार के सफाए का था। सास-ससुर और देवर सहित पूरे परिवार को खत्म करना चाहती थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि संतोष ने एक दिन पूर्व ही गांव के लिए रवाना हुए सास-ससुर को रोकने के लिए कई मिन्नतें की। उसने नाटक करते हुए रोते हुए उन्हें एक दिन और रुकने को कहा। लेकिन बुजुर्ग भी गांव जाने के लिए अड़े रहे। जांच में सामने आया है कि संतोष ने दो दिन पहले रवाना हुए अपने देवर को भी रोकने के प्रयास किए थे। वह नहीं रुका। बताया जा रहा है कि वह कुछ मौजी प्रवृति का है। उसे पता भी नहीं है कि पीछे से परिवार तबाह हो चुका है।
हनुमान ने कहा तलाक ले लो, भाग चलो-संतोष ने कहा मर्डर करो
जांच में सामने आया है कि हनुमान ने संतोष को कई विकल्प भी सुझाए। उसने कुुछ माह पूर्व ही संतोष के हत्या के प्लान पर उसे कहा कि क्यों न तुम पति को तलाक देकर मेरे साथ शादी कर लो। संतोष नहीं मानी। इसके बाद उसने संतोष से कहा कि केवल पति को ही मार दो। तब संतोष ने कहा कि पूरे परिवार को ही मारना होगा। हत्या के दिन कुछ मिनट पूर्व भी उसने कहा कि इन लोगों को मारने की बजाय हम दोनों कहीं भाग चलें। संतोष ने कहा कि नहीं पहले सबको खत्म कर दो।
टीम में शामिल सभी सदस्यों को मिलेगा इनाम
जिला पुलिस अधीक्षक राहुल प्रकाश ने पुलिस की इस सफलता पर टीम में शामिल प्रत्येक सदस्य को ढाई-ढाई हजार रुपए के इनाम की घोषणा की है। पुलिस अधीक्षक के अनुसार पूरे वारदात को खोलने के लिए विभिन्न टीमें गठित की गई। इन टीमों ने केवल पांच दिन में ही वारदात का खुलासा कर सफलता हांसिल की।
Updated on:
8 Oct 2017, 7:59 PM IST
Published on:
8 Oct 2017, 7:12 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.