
cm meeting
जयपुर।
बालोतरा के पचपदरा में रिफाइनरी का चल रहा काम दीपावली से पहले पूरा होगा। इसके लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने निर्देश दिए हैं। उन्होंने सोमवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में पेट्रोलियम विभाग और हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के अधिकारियों की बैठक ली। इसमें बताया गया कि वर्तमान में परियोजना में 4 यूनिट और 7 पैकेजेज में 90 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री ने काम की समीक्षा के साथ ही एचपीसीएल के अधिकारियों को कहा कि रिफाइनरी में बनने वाले उत्पादों की ब्रिकी समयबद्ध रूप हो इसके लिए निवेशकों से लॉन्ग टर्म सप्लाई समझौते अभी से किए जाएं।
बैठक में एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड (एचआरआरएल) अधिकारियों ने बताया कि पचपदरा रिफाइनरी में 9 एमएमटीपीए क्रूड ऑयल एवं 2.4 एमएमपीटीए पेट्रो-कैमिकल को प्रोसेस करने की क्षमता विकसित की जा रही है। इसमें अपनी तरह का पहला इंटीग्रेटेड ग्रास रूट रिफाइनरी कम पेट्रो-कैमिकल कॉम्पलेक्स स्थापित किया जा रहा है। अभी करीब 24 हजार प्रत्यक्ष एवं 35 हजार अप्रत्यक्ष लोगों को रोजगार मिल रहा है। परियोजना से राज्य को प्रतिवर्ष लगभग 6 हजार करोड़ रुपए का राजस्व मिलेगा और राजस्थान प्रत्यक्ष विदेशी निवेश का प्रमुख केन्द्र बनकर उभरेगा।
बैठक में मुख्य सचिव सुधांश पंत, एसीएस वित्त अखिल अरोरा, आलोक, शिखर अग्रवाल, खान एवं पेट्रोलियम सचिव आनंदी, एचपीसीएल के सीएमडी पुष्प जोशी सहित कई अधिकारी मौजूद थे।
पेट्रोल-डीजल सहित 35 तरह के पेट्रो-कैमिकल का उत्पादन
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना में पेट्रोल व डीजल के अतिरिक्त 35 पेट्रो-कैमिकल व अन्य पदार्थों का उत्पादन होगा। इन उत्पादों से बनने वाले पदार्थों की संख्या तीन गुना से अधिक हो सकती है। इसके लिए मार्केटिंग करने के लिए कार्ययोजना अभी से बनाई जाए। जिससे रिफाइनरी शुरू होने से पहले ही इस क्षेत्र में इंडस्ट्रीज स्थापित हो सकेंगी।
गुतरात तक पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा
बैठक में एचपीसीएल के प्रतिनिधियों ने प्रस्तुतीकरण के जरिए रिफाइनरी से जुड़े कामों की जानकारी दी। इसमें बताया कि मूंदडा (गुजरात) से 487 किलोमीटर की क्रूड ऑयल की लाइन, नाचना (जैसलमेर) से 230 किलोमीटर की पानी की लाइन, मंगला (बाड़मेर) से 75 किलोमीटर की क्रूड ऑयल लाइन, बागोडा़ (जालौर) से 85 किलोमीटर की नैचुरल गैस की लाइन तथा पालनपुर (गुजरात) से 216 किलोमीटर की प्रोडक्ट्स लाइन का कार्य लगभग पूरा हो चुका है।
Updated on:
26 Feb 2024 09:44 pm
Published on:
26 Feb 2024 09:44 pm
