4 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

लुभावनी योजनाओं की घोषणा के साथ अकाली दल का हरियाणा में सभी चुनाव लड़ने का ऐलान

पीपली की अनाज मंडी में आयोजित रैली में पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखवीर बादल ने कांग्रेस और नेहरू-गांधी परिवार को सिख विरोधी करार दिया...

2 min read
Google source verification
अकाली दल नेता सुखवीर बादल

अकाली दल नेता सुखवीर बादल

(चंडीगढ): शिरोमणि अकाली दल ने रविवार को हरियाणा के कुरूक्षेत्र जिले के पीपली में आयोजित रैली में ऐलान किया कि पार्टी अब हरियाणा में सभी चुनाव लडेगी। अकाली दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखवीर बादल ने रैली को संबोधित करते हुए यह ऐलान किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में सत्ता में आए तो किसानों को मुफ्त बिजली दी जाएगी। साथ ही किसानों और मजदूरों का मेडिकल बीमा कराया जाएगा।

पीपली की अनाज मंडी में आयोजित रैली में पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखवीर बादल ने कांग्रेस और नेहरू-गांधी परिवार को सिख विरोधी करार दिया। उन्होंने आॅपरेशन ब्ल्यू स्टार एवं सिख विरोधी दंगों का हवाला भी दिया। सुखवीर ने कहा कि सिख विरोधी दंगों में 2000 सिख मारे गए। यह तो सरकारी आंकडा है। रैली के दौरान हरियाणा सिख गुरूद्वारा प्रबन्धक कमेटी से जुडे सिख काले झंडे हाथ में लेकर प्रदर्शन करने पहुंचे थे। इन प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे अकाली दल द्वारा हरियाणा सिख गुरूद्वारा प्रबन्धक कमेटी का विरोध किए जाने पर विरोध करने आए है। हालाकि इन प्रदर्शनकारियों को अकाली दल कार्यकर्ताओं और पुलिस ने रोकते हुए लौटा दिया।

उल्लेखनीय है कि केन्द्र और पंजाब में अकाली दल के भाजपा के साथ गठबंधन में होने के बावजूद हरियाणा में अकाली दल का गठबंधन इंडियन नेशनल लोकदल के साथ था। अकाली दल के संरक्षक और पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के निजी सम्बन्धों के चलते यह राजनीतिक सम्बन्ध भी बना हुआ था। लेकिन मार्च 2016 में अकाली दल और इंडियन नेशनल लोकदल के बीच यह गठबंधन टूट गया। तब अकाली दल के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने हरियाणा को नदी जल में पूरा हिस्सा देने के लिए निर्माणाधीन सतलुज-यमुना सम्पर्क नहर के लिए अधिग्रहण की गई जमीन को मुक्त करने के लिए विधानसभा में विधेयक पारित करवाया था। इंडियन नेशनल लोकदल ने यह विधेयक पारित किए जाने के विरोध में पंजाब विधानसभा पर प्रदर्शन किया था और अकाली दल से गठबंधन तोडने का ऐलान किया था। वर्ष 2014 के लोकसभा और विधानसभा चुनाव में अकाली दल ने इंडियन नेशनल लोकदल के साथ गठबंधन में कुछ सीटों पर चुनाव लडा था।