
अमित शाह के दूत तैयार करेंगे विधायकों-सांसदों का रिपोर्ट कार्ड
चंडीगढ़। हरियाणा में मिशन-2019 को फतेह करने की कमान अब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने अपने हाथों में ले ली है। जिसके चलते प्रदेश के विधायकों और सांसदों का रिपोर्ट कार्ड तैयार करने के लिए पार्टी ने विस्तारकों को प्रदेश में उतारने की तैयारी कर ली है। इन विस्तारकों को फील्ड में उतारने से पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह द्वारा फरीदाबाद के सूरजकुंड में न केवल प्रशिक्षण दिया जाएगा बल्कि आगामी चुनाव को किस तरीके से लड़ा जाएगा उसकी रूपरेखा पर भी चर्चा की जाएगी।
संगठनात्मक दृष्टिकोण से अन्य राजनीतिक दलों के मुकाबले भारतीय जनता पार्टी में विस्तारकों का अहम रोल माना जाता है। परोक्ष रूप से संघ के प्रचारकों के रूप में काम करने वाले यह विस्तारक भाजपा को सत्ता तक पहुंचाने के लिए जनता से फीडबैक लेकर अपनी रिपोर्ट तैयार करते हैं और उसी रिपोर्ट के आधार पर पार्टी द्वारा अपनी रणनीति तैयार की जाती है। अभी तक संगठन के लिए काम करते रहे विस्तारक अब लोकसभा एवं विधानसभा चुनावों के लिए ग्राउंड पर काम करेंगे और सीधे पार्टी हाईकमान को अपना फीडबैक देंगे। विस्तारकों को ग्राउंड में उतारने से पहले उन्हें यह बताया जाएगा कि किस-किस मुद्दे पर उन्हें काम करना है।
भाजपा सूत्रों के अनुसार लोकसभा एवं विधानसभा चुनावों के समय टिकट वितरण में विस्तारकों की रिपोर्ट काफी काम आती है। पार्टी के सभी मौजूदा सांसदों एवं विधायकों के अलावा 2014 के चुनावों में पार्टी उम्मीदवार रहे नेताओं के बारे में भी विस्तारक फीडबैक जुटाएंगे और अपनी रिपोर्ट तैयार करेंगे। प्रदेश की सभी 10 लोकसभा सीटों के अलावा 90 विधानसभा सीटों पर भी एक-एक विस्तारक काम करेगा। पार्टी नेताओं एवं वर्करों के अलावा आम लोगों की नब्ज भी विस्तारक टटोलेंगे।
मौजूदा सांसदों एवं विधायकों में से कितने ऐसे हैं, जो 2019 के चुनावों में जीतने की स्थिति में हैं, इसकी पूरी रिपोर्ट तैयार होगी। साथ ही, उन चेहरों को भी चिह्नित किया जाएगा, जो इन चुनावों में जीत हासिल कर सकते हैं। भले ही वे वर्तमान में किसी पद पर भी न हों। सांसदों एवं विधायकों के प्रति अगर किसी तरह की नाराजग़ी है तो इसके क्या कारण हैं, इस बारे में भी विस्तारक ग्राउंड जीरो पर रहकर रिपोर्ट कार्ड बनाएंगे।
भाजपा संगठन में विस्तारकों को पार्टी प्रमुख का ‘दूत’ माना जाता है। पिछले वर्ष अगस्त माह में अपने तीन दिनी रोहतक प्रवास के दौरान भी अमित शाह ने विस्तारकों के साथ अलग से गोपनीय बैठक की थी। उस दौरान शाह ने सरकार और संगठन के साथ-साथ मुख्यमंत्री व मंत्रियों की कार्यशैली के बारे में भी विस्तारकों से फीडबैक जुटाया था। विस्तारकों ने ही उस समय पार्टी अध्यक्ष को यह फीडबैक दिया था कि मौजूदा हालात में पार्टी 20 से 25 सीटों पर ही जीतने की स्थिति में हैं। हालांकि इसके बाद सरकार के कामकाज और कार्यशैली में बदलाव भी देखने को मिला है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर के मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने इस कार्यक्रम की पुष्टि करते हुए कहा कि पार्टी अध्यक्ष अमित शाह का 16 जून को हरियाणा आने का कार्यक्रम है। वह सूरजकुंड में विस्तारकों के साथ बैठक करेंगे। अभी केवल इतना ही कार्यक्रम है। सांसदों-विधायकों व पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक का वर्तमान में कोई शैड्यूल नहीं है। फिलहाल सरकार के मंत्रियों, सांसदों व विधायकों को इस बैठक से दूर ही रखा गया है। विस्तारकों को फील्ड में उतारने से पहले उन्हें ट्रेंड किया जाएगा। इन्हें ट्रेनिंग खुद पार्टी सुप्रीमो अमित शाह देंगे।
Published on:
11 Jun 2018 09:57 pm
बड़ी खबरें
View Allअंबाला
हरियाणा
ट्रेंडिंग
