
अम्बेडकरनगर. पटाखे जलाने को लेकर देश की सबसे बड़ी अदालत भले ही कई तरह के प्रतिबंध लगा रही हो, लेकिन इस कारोबार से जुड़े लोग न तो अदालत के आदेशों और इसके लिए बनाए गए नियम कानून को मान रहे हैं और न ही लोगों के जीवन की परवाह ही ऐसे लोगों को है। दीपावली के त्योहार पर ज्यादा दौलत कमाने के चक्कर में पटाखे का कारोबार करने वाले यह भूल जा रहे हैं कि उनकी इस लापरवाही और लालच में लोगों की मौत भी हो सकती है। पुलिस ने जिले के शहजादपुर कस्बे में घनी आबादी के बीच पटाखों का इतना बड़ा जखीरा पकड़ा है, जिससे किसी तरह की लापरवाही से आसपास की पूरी बस्ती जलकर खाक हो सकती थी।
आधी रात को पुलिस ने मारा छापा तो लोगों को हुई जानकारी
अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के शहजादपुर कस्बे में आबादी के बीच एक बड़े गोदाम में बड़ी मात्रा में पटाखे रखने की जानकारी पुलिस को हुई तो पूरे दलबल के साथ कोतवाली पुलिस ने रात में अवैध रूप से बनाये गए गोदाम पर छापा मारा। छापे में पटाखों की इतनी बड़ी मात्रा देखकर पुलिस भी आश्चर्य में पड़ गए। जांच पड़ताल में यह भी पता चला कि पटाखे का कारोबार करने वाले व्यक्ति काफी समय से इस अवैध कारोबार में लिप्त थे।
मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी
पटाखा के अवैध कारोबार के कारण बदायूं में दो दिन पहले भीषण विस्फोट हो जाने और कई लोगों के मारे जाने के साथ कई के घायल होने के बाद शासन और प्रशासन अलर्ट मोड पर है। इसी के मद्देनजर जिले में अवैध रूप से बिना मानकों को पूरा किये बड़े पैमाने पर विस्फोटक का भंडारण बीच आबादी में किया गया था। इस भंडारण की जानकारी होने पर पुलिस सक्रिय हुई और एहतियात बरतते हुए रात में छापा मारने की रणनीति बनाई।
प्रभारी निरीक्षक एनएन शर्मा ने बताया कि पटाखे का अवैध भंडारण करने वाला व्यक्ति फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है। उन्होंने बताया कि इस अवैध क्रियाकलापों के विरुद्ध संबंधित अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।