
अंबेडकरनगर में आरोपी आमिर पुलिस एनकाउंटर में ढेर..
Police Aamir Encounter Ambedkar Nagar:उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र के मीरानपुर मुरादाबाद मोहल्ले में हुई चार मासूम बच्चों की निर्मम हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया था। शनिवार दोपहर करीब तीन बजे हुए इस जघन्य कांड में शफीक (14), सऊद (12), उमर (10) और उनकी बहन सादिया (8) की हत्या सिलबट्टे जैसे भारी हथियार से सिर पर वार कर की गई थी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
सोमवार सुबह पुलिस को मुख्य आरोपी आमिर की लोकेशन बाईपास क्षेत्र में मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी शुरू की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और मुठभेड़ शुरू हो गई। इस दौरान आमिर को सीने में गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
गंभीर हालत में आरोपी को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के बयान के बाद आधिकारिक जानकारी जारी किए जाने की बात कही गई।
यह वारदात शनिवार को उस समय सामने आई जब चारों बच्चों के शव घर के अंदर मिले। बताया गया कि बच्चों के सिर पर भारी वस्तु से लगातार वार किए गए थे। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में चीख-पुकार और दहशत का माहौल बन गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
शुरुआती जांच में पुलिस को संदेह मृतक बच्चों की मां गासिया खातून पर गया, क्योंकि घटना के बाद वह लापता थीं। बताया गया कि पारिवारिक विवाद और पति के विदेश में दूसरी शादी के चलते घरेलू तनाव की स्थिति थी। इसी आधार पर पुलिस ने महिला को संदिग्ध माना और जांच आगे बढ़ाई।
रविवार शाम को घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर एक नाले में गासिया खातून का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले, जिससे मामला और उलझ गया। इसके बाद पुलिस ने सभी एंगल से जांच शुरू कर दी, जिसमें हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को शामिल किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस खौफनाक हत्याकांड की पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी।
Updated on:
04 May 2026 07:48 am
Published on:
04 May 2026 07:48 am
