
Agriculture students
बैकुंठपुर. कृषि कॉलेज में अध्ययनरत फाइनल ईयर की छात्रा से 13 सितंबर की दोपहर बीच बाजार में युवक ने छेडख़ानी की थी। इस मामले की शिकायत छात्र-छात्राओं ने रायपुर यूनिवर्सिटी में की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए शुक्रवार को जांच करने रायपुर से 6 सदस्यीय टीम बैकुंठपुर पहुंची। इस दौरान कॉलेज परिसर में गुरुवार आधी रात को स्टाफ-स्टूडेंट्स को बुलाकर मामले की जानकारी ली और शुक्रवार को दिनभर स्टाफ की बंद कमरे में बैठक लेकर पूछताछ की गई।
कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान संस्थान की फाइनल ईयर की स्टूडेंट 13 मई को बाजार खरीदारी करने गई थीं। इस दौरान बाहरी युवक द्वारा छात्रा के साथ छेडख़ानी करने की बात कही गई थी। मामले में छात्रा के परिजनों ने सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराकर कार्रवाई की गुहार लगाई थी, लेकिन आरोपी युवक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। मामले में आक्रोशित स्टूडेंट्स एकजुट होकर रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय पहुंच गए और कुलपति से मामले की शिकायत कर कार्रवाई की गुहार लगाई।
इसके अलावा कॉलेज में अव्यवस्था सहित अन्य मामलों की शिकायत की गई थी। मामले में कुलपति ने शिकायत की जांच करने के लिए ६ सदस्यीय जांच टीम भेजी है। प्रोफेसर अनिल कुमार साहू के नेतृत्व में गुरुवार को 6 सदस्यीय जांच टीम बैकुंठपुर पहुंची और कॉलेज परिसर में आधी रात को स्टाफ-स्टूडेंट्स को बुलाकर चर्चा की गई।
कॉलेज के बंद कमरे में स्टाफ का बयान
जांच कमेटी ने कॉलेज परिसर की बैठक हाल में स्टाफ से मामले की जानकारी ली और बयान दर्ज किया। इस दौरान कॉलेज स्टाफ को बाहर कर दिया गया था और एक-एक कर बयान दर्ज किया गया। जांच टीम ने सुबह से शाम तक मामले के संबंध में पूछताछ करती रही।
प्रबंधन के खिलाफ अनियमितता की भी शिकायत
एग्रीकल्चर स्टूडेंट्स ने कुलपति से छेडख़ानी सहित कॉलेज प्रबंधन पर अनियमितता की शिकायत कर कार्रवाई की गुहार लगाई थी। इसके अलावा लगातार छात्राओं से छेडख़ानी की शिकायत होने की बात कही गई है। वहीं कॉलेज में अनियमिता को लेकर अधिष्ठाता को हटाने की मांग करने की भी चर्चा है।
मिली थी जानकारी
रायपुर से पत्र मिलने के बाद मामले की जानकारी मिली। यह 13 मई की घटना है। छात्रा बाजार गई थी। जहां किसी बाहरी व्यक्ति ने छेडख़ानी की थी।
डॉ पीके जायसवाल, अधिष्ठाता कृषि महाविद्यालय बैकुंठपुर
कुलपति को सौंपेंगे रिपोर्ट
कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने रायपुर में जाकर कुलपति के सामने विभिन्न समस्याओं के संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में जांच करने एक समिति का गठन किया गया है। समिति मामले की जांच करने आई है। स्टाफ-स्टूडेंट्स से चर्चा कर जांच की जाएगी और कुलपति को रिपोर्ट सौंपी जाएगी।
प्रो अनिल कुमार साहू, सदस्य जांच कमेटी
Published on:
23 Sept 2017 12:51 pm
बड़ी खबरें
View Allअंबिकापुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
